Home प्रादेशिक हरियाणा के श्रम मंत्री ने मध्यप्रदेश की योजनाओं एवं कार्यक्रमों को सराहा…..

हरियाणा के श्रम मंत्री ने मध्यप्रदेश की योजनाओं एवं कार्यक्रमों को सराहा…..

23
0
SHARE

श्रम मंत्री श्री ओमप्रकाश धुर्वे से हरियाणा राज्य के श्रम मंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज उनके निवास पर अधिकारियों के साथ भेंट कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। प्रमुख सचिव श्रम श्री अश्विनी राय और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

हरियाणा के श्रम मंत्री श्री सैनी ने मध्यप्रदेश में श्रमिकों के कल्याण के लिये लागू मुख्यमंत्री मजदूर सुरक्षा योजना सहित अन्य योजनाओं और कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने पं. दीनदयाल श्रमोदय विद्यालय की अवधारणा में रूचि लेते हुए इस परियोजना की विस्तृत जानकारी हरियाणा सरकार को भेजने का आग्रह किया। श्रमोदय विद्यालय पर दिये गये प्रेजेन्टेशन की कापी हरियाणा के श्रम मंत्री को भेंट की गयी।

श्रम मंत्री श्री धुर्वे ने हरियाणा के मंत्री श्री सैनी को बताया कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रदेश में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले बच्चों की उच्च शिक्षा के लिये फीस देने की व्यवस्था के लिये मेधावी छात्र योजना शुरू की गई है। इसके साथ ही, श्रम विभाग द्वारा पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों के लिये कक्षा एक से महाविद्यालयीन शिक्षा प्राप्त करने तक छात्रवृत्ति और अन्य सुविधाएँ दी जा रही हैं। श्रमिकों के बच्चों को नवोदय विद्यालय से बेहतर पब्लिक स्कूल की तरह शैक्षणिक सुविधाएँ और वातावरण देने के लिये इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और भोपाल में पं. दीनदयाल श्रमोदय विद्यालय शुरू किये जा रहे हैं। श्रमिकों के बच्चों को इन विद्यालय में नि:शुल्क आवासीय सुविधा मिलेगी। भोपाल का श्रमोदय विद्यालय शैक्षणिक सत्र 2018-19 से प्रारंभ हो जायेगा। श्री धुर्वे ने बताया कि प्रथम वर्ष में कक्षा 6वीं और 9वीं में छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जायेगा। भोपाल श्रमोदय विद्यालय में भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़ और सीहोर जिलों के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चे प्रवेश के पात्र होंगे। इनकी प्रवेश प्रक्रिया जल्दी शुरू की जा रही है। श्रम मंत्री ने बताया कि देश में इस प्रकार के श्रमोदय विद्यालय स्थापित करने वाला मध्यप्रदेश पहला राज्य है।

श्रम मंत्री श्री धुर्वे ने हरियाणा के मंत्री श्री सैनी को मध्यप्रदेश में श्रमिकों के कल्याण के लिये संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने हरियाणा में श्रमिकों के लिये संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी भी प्राप्त की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here