Home मध्य प्रदेश महिला सुरक्षा के लिए अब दो पहिया वाहनों से भी होगी पेट्रोलिंग….

महिला सुरक्षा के लिए अब दो पहिया वाहनों से भी होगी पेट्रोलिंग….

41
0
SHARE

हीरो मोटोकॉर्प ने मैत्री परियोजना में प्रदेश पुलिस को दिए 80 दो पहिया वाहन 
प्रदेश में महिला सुरक्षा के कार्यों की प्रधानमंत्री ने भी की प्रशंसा – गृह मंत्री श्री सिंह

गृह मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने आज पुलिस मुख्यालय में मध्यप्रदेश पुलिस को हीरो मोटोकॉर्प द्वारा सीएसआर योजना में महिला सुरक्षा के लिये दिये गये 80 दो-पहिया वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में महिला सुरक्षा के लिये उठाये गये निर्भया जैसे महत्वपूर्ण कदम की प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भी प्रशंसा की है।

गृह मंत्री श्री सिंह ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में मध्यप्रदेश पुलिस और हीरो मोटोकार्प द्वारा संयुक्त रूप से प्रारंभ मैत्री परियोजना को सराहनीय बताया। बताया गया कि यह दो पहिया वाहन प्रदेश के चारों महानगरों में दिए जाएंगे। इससे व्यस्ततम इलाके, स्कूल-कॉलेज आदि क्षेत्रों में पेट्रोलिंग की जाएगी। श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा पुलिस बल में 33 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षण किया गया है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस को श्री शुक्ला के रूप में बेहद कुशल कप्तान मिले हैं। एक साल में सुरक्षा के मामले में मध्यप्रदेश ने जितनी ऊँचाइयों को छुआ है उतना किसी भी अन्य राज्य ने नहीं। उन्होंने जेल ब्रेक में सिमी आतंकी के एनकाउंटर, अंतर्राष्ट्रीय कॉल रैकेट, शाजापुर बम ब्लास्ट के आरोपियों की गिरफ्तारी और सतना में डाकू गिरोह के खात्मे का भी जिक्र किया। श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस महिला सुरक्षा को लेकर सदैव सजग है।

पुलिस महानिदेशक श्री ऋषि कुमार शुक्ला ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस महिला सुरक्षा को लेकर काफी गंभीर है। उन्होंने गृह मंत्री श्री सिंह को आश्वस्त किया कि इस दिशा में पुलिस द्वारा और भी बेहतर प्रयास किए जाएंगे।

हीरो मोटोकॉर्प सीएसआर के हेड श्री विजय सेठी ने कहा कि उनकी कंपनी सामाजिक कल्याण के विभिन्न मुद्दों पर कार्य करती है। महिला सुरक्षा एक महत्वपूर्ण मुद्दा है इसलिए मध्यप्रदेश पुलिस के साथ मिलकर मैत्री परियोजना में 80 दो पहिया वाहन दिए गए हैं। इससे महिला पुलिसकर्मियों की मोबिलिटी बढ़ेगी जिससे वे अपराध के खिलाफ त्वरित कार्यवाही कर सकेंगी।

गृह मंत्री ने साहसी कार्य के लिये किया सम्मानित

कार्यक्रम में गृह मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने अरेरा कालोनी में घर में घुसे बदमाश को साहस के साथ पकड़ने के लिए श्रीमती रमा मंडल को प्रशस्ति-पत्र तथा 5 हजार की राशि देकर सम्मानित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here