Home हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सरकार ने राज्य को 46,500 करोड़ के कर्ज में घकेलाः CM...

कांग्रेस सरकार ने राज्य को 46,500 करोड़ के कर्ज में घकेलाः CM श्री जय राम ठाकुर…

4
0
SHARE
मुख्यमंत्री श्री जय राम ठाकुर ने प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद आज बिलासपुर नगर परिषद मैदान में पहली विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व कांग्रेस सरकार पर प्रदेश को 46,500 करोड़ रुपये के कर्ज में धकेलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह शर्म की बात है कि जिस पार्टी ने हिमाचल में दशकों तक राज किया, ने वित्तीय कुप्रबंधन को बढ़ावा देकर ऋण लेने के सिवाए विकास के नाम पर न के बराबर कार्य किया।
उन्होंने कहा कि सरकार राज्य के विकास तथा लोगों के कल्याण के लिये केन्द्र से प्राप्त धन का पाई-पाई खर्च करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह केन्द्रीय वित्त मंत्री तथा प्रधानमंत्री से मिले, जिन्होंने ऋण को चुकाने के लिए केन्द्र से हर संभव सहायता प्रदान करने तथा राहत पैकेज प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को ऋण से छुटकारा पाने के संबंध में प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को वित्तीय संकट से उभारना सरकार के समक्ष प्रमुख चुनौती है।
श्री जय राम ठाकुर ने कहा कि कुछ निर्दलीय विधायक पार्टी में शामिल होने की इच्छा जता रहे थे, लेकिन हिमाचल प्रदेश के लोगों ने भाजपा को पूर्ण बहुमत दिया है। उन्होंने भाजपा की राज्य में बड़ी विजय सुनिश्चित बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा भाजपा के राष्ट्रीय तथा राज्य स्तर के वरिष्ठ नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने भाजपा को विजयी बनाने के लिए राज्य के पूर्व मुख्यमत्रियों सर्वश्री शांता कुमार तथा प्रेम कुमार धूमल के प्रयासों की भी सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पार्टी कैडर में उपर से नीचे तक विभिन्न पदों पर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज मैं ‘कांग्रेस मुक्त’ हिमाचल को देखकर सन्तुष्ट हूं और मण्डी जिला में 10 में से 9 सीटों पर भाजपा विजयी हुई है जबकि एक पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार की तरह हमारी सरकार बदले की भावना से कार्य नहीं करेगी।
उन्होंने लोगों का शुभकामनाएं देने के लिए बड़ी संख्या में एकत्र होने पर धन्यवाद किया।
झण्डूता के विधायक श्री जे.आर. कटवाल ने भाखड़ा बांध विस्थापितों के शीघ्र समाधान के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया। घुमारवीं के विधायक श्री राजेन्द्र गर्ग, बिलासपुर के विधायक श्री सुभाष ठाकुर ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा जनसभा को सम्बोधित किया।
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री श्री महेन्द्र सिंह ठाकुर, दून के विधायक श्री परमजीत सिंह पम्मी, पूर्व विधायक श्री रणधीर शर्मा व श्री रिखी राम कौंडल, भाजपा के जिला अध्यक्ष श्री राकेश गौतम, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार श्री त्रिलोक जम्वाल, मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. श्री महेन्द्र धर्माणी सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here