Home राष्ट्रीय लोकसभा व राज्यसभा की बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित…..

लोकसभा व राज्यसभा की बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित…..

19
0
SHARE
लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने इसकी सदन में जानकारी दी और इसके बाद लोकसभा की बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। राज्यसभा की बैठक भी आज अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। सुमित्रा महाजन ने बताया कि 15 दिसंबर 2017 को आरंभ हुए सोलहवीं लोकसभा के तेरहवें सत्र में व्यवधानों और उसके परिणाम स्वरूप स्थगनों के कारण 14 घंटे और 51 मिनट का समय नष्ट हुआ तथा सभा ने 8 घंटे 10 मिनट देर तक बैठकर विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।इस सत्र के दौरान महत्वपूर्ण वित्तीय, विधायी और अन्य कार्य निपटाए गए। वर्ष 2017-18 के लिए अनुदान की अनुपूरक मांगों के दूसरे और तीसरे बैच के बारे में छह घंटे से अधिक चर्चा हुई और इसके बाद इन्हें मतदान के लिए रखा गया एवं संबंधित विनियोग विधेयक पारित किए गए।

सत्र के दौरान पारित होने वाले महत्वपूर्ण विधेयकों में केंद्रीय सड़क निधि संशोधन विधेयक 2017, स्थावर संपत्ति अधिग्रहण और अर्जन संशोधन विधेयक 2017, दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी राज्य क्षेत्र विधियां विशेष उपबंध दूसरा संशोधन विधेयक 2017, माल एवं सेवाकर राज्यों को प्रतिकर संशोधन विधेयक 2017, मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण विधेयक 2017, उच्च एवं उच्चतम न्यायालय न्यायाधीश वेतन एवं सेवा शर्त संशोधन विधेयक 2017 शामिल हैं।

सत्र के दौरान 280 तारांकित प्रश्न सूचीबद्ध किये गए जिनमें 45 प्रश्नों के मौखिक उत्तर दिए गए। इस दौरान औसतन प्रतिदिन लगभग 3.46 प्रश्नों के उत्तर दिये गए। शेष तारांकित प्रश्न उत्तरों के साथ सभा पटल पर रखे गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here