Home हिमाचल प्रदेश भ्रष्टाचार के विरूद्ध जीरो टोलरेंस नीति के साथ काम कर रही सरकार...

भ्रष्टाचार के विरूद्ध जीरो टोलरेंस नीति के साथ काम कर रही सरकार CM श्री जय राम ठाकु

7
0
SHARE
मुख्यमंत्री श्री जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य के लोगों की वर्तमान राज्य सरकार से बहुत अपेक्षाएं हैं, इसलिए सरकार का उत्तरदायित्व कई गुणा बढ़ गया है। मुख्यमंत्री आज जिला ऊना में दौलतपुर चौक पर एक विशाल जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।
श्री जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने सत्ता सम्भालते ही समाज के प्रत्येक भाग तथा प्रत्येक क्षेत्र के कल्याण तथा विकास के लिए कार्य करना शुरू कर दिया था। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के लोगों को उत्तरादायी, जवाबदेह तथा भ्रष्टाचारमुक्त शासन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वेष की भावना से कार्य नहीं करेगी, लेकिन भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर नहीं सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टोलरेंस नीति के साथ काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने पहले ही निर्णय में हजारों वृद्ध व्यक्तियों को लाभान्वित करने के लिए वृद्धावस्था पेंशन की आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पूर्व सरकार द्वारा अन्तिम छः महीनों में लिए गए सभी निर्णयों की समीक्षा करने का भी निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार द्वारा निरर्थक व्यय करने के कारण आज राज्य पर 46,500 करोड़ रुपये के कर्ज का बोझ है। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा वर्तमान सरकार के तीन महीने के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड मांगना आश्चर्यजनक है। यदि वर्तमान राज्य सरकार पूर्व सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड मांगती है तो विपक्ष भारी संकट में पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार द्वारा की गई अधिकतर घोषणाएं बिना किसी बजट प्रावधान से की गई थी।
इसके उपरान्त मुख्यमंत्री ने 21.13 करोड़ रुपये की लागत से  नंगल-मुबारकपुर-तलवाड़ा सड़क के मुबारकपुर-मारवाड़ी भाग के सुधार तथा सुदृढ़ीकरण की आधारशिला रखी। इसके पूरे होने से क्षेत्र के लगभग 14 गांवों की 35 हजार की आबादी लाभान्वित होगी। मुख्यमंत्री ने 3.70 करोड़ रुपये की लागत से ग्राम पंचायत कुनेरन, ग्राम पंचायत बाहादेरकली के छुटे गए क्षेत्रों, फतेहपुर, जवाल, मावा कोहलां, गौंदपुर बनेहरा के लिए संयुक्त जल आपूर्ति योजना की आधारशिला भी रखीं।
घोषणाएंः
गगरेट में शीघ्र एसडीएम कार्यालय खोला जाएगा।
क्षेत्र के लिए 20 टयूबवेल।
लोहारली-छरूरू पुल का निर्माण, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शीघ्र तैयार की जाएगी।
क्षेत्र की दो राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में विज्ञान की कक्षाएं आरम्भ की जाएंगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि पूर्व सरकार ने सामाजिक विरोधी तत्वों को संरक्षण दे रही थी, जिसके कारण राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण से बाहर हो गई थी। उन्होंने कहा कि आज देश के 21 राज्यों में भाजपा सत्ता में है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार प्रदेश को विकासात्मक कार्यों के लिए हर सम्भव सहायता प्रदान कर रही हैं।
ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री श्री वीरेन्द्र कंवर, गगरेट के विधायक श्री राजेश ठाकुर ने अपने निर्वाचन क्षेत्र गगरेट में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र की पूर्व सरकार के कार्यकाल में पूर्ण रूप से अनदेखी की गई। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न मांगों से मंत्री को अवगत करवाया। उन्होंने प्रदेश का कार्यभार संभालने के तीन महीने के भीतर ही उनके क्षेत्र में आने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
भाजपा मण्डल अध्यक्ष श्री राम मूर्ति ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।
विधायक श्री बलबीर चौधरी, पूर्व मंत्री श्री परवीण शर्मा, ज़िला भाजपा प्रमुख श्री बलबीर बग्गा, भाजपा नेता प्रो. राम कुमार, उपायुक्त ऊना श्री विकास लाबरू और पुलिस अधीक्षक ऊना श्री दिवाकर शर्मा तथा अन्य गणमान्य लोग भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here