Home हिमाचल प्रदेश CM का मीडिया से विकासात्मक रिपोर्टिंग का आग्रह…

CM का मीडिया से विकासात्मक रिपोर्टिंग का आग्रह…

6
0
SHARE
प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ है और एक मजबूत लोकतंत्र के लिए प्रेस का स्वतंत्र व निडर होना अनिवार्य है। यह बात मुख्यमंत्री श्री जय राम ठाकुर ने आज चंडीगढ़ में हिन्दुस्तान टाईम्स की 18वीं वर्षगांठ समारोह के अवसर पर सम्बोधित करते हुए कही।
श्री जय राम ठाकुर ने कहा कि हिन्दुस्तान टाईम्स के चंडीगढ़ संस्करण ने अस्तित्व में आने के 18 वर्षों के दौरान क्षेत्र के पाठकों के दिलों में विशेष स्थान बना लिया है। उन्होंने कहा कि अखबार अपनी निष्पक्ष और स्वतंत्र रिपोर्टिंग के चलते व्यावसायिकता के क्षेत्र में आदर्श के रूप में उभरा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया को विकासात्मक रिपोर्टिंग, विशेषकर ग्रामीण मुद्दों की अधिक से अधिक कवरेज करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान टाईम्स ने तीन पड़ौसी राज्यों को पारस्परिक हित के मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिये एक उपयुक्त मंच प्रदान किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिन्दुस्तान टाईम्स की स्थापना 1924 में की गई थी और इन वर्षों के दौरान यह समाचार पत्र निष्पक्ष और निडर पत्रकारिता के प्रतीक के तौर पर उभरा है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ संस्करण अपनी व्यस्कता तक पहुंच गया है और इसके साथ ही अखबार की जिम्मेवारियां भी कई गुणा बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि आज के इस प्रतिस्पर्धात्मक युग में हिन्दुस्तान टाईम्स ने न केवल अपने अस्तित्व को बनाए रखा है, बल्कि अनेक क्षेत्रों में नए आयाम हासिल किए हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रेस क्लब चण्डीगढ़ को पांच लाख रुपये की राशि की घोषणा भी की।
हिन्दुस्तान टाईम्स के संपादक श्री रमेश विनायक ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
पंजाब के राज्यपाल श्री वी.पी. सिंह बदनौर, हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर, पजांब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रकाश सिंह बादल, हिन्दुस्तान टाईम्स की प्रबन्ध सम्पादक सुश्री सौम्या भट्टाचार्य सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here