Home स्पोर्ट्स IPL 2018 KXIP vs DD: प्वॉइंट्स टेबल में आखिरी स्थान पर चल...

IPL 2018 KXIP vs DD: प्वॉइंट्स टेबल में आखिरी स्थान पर चल रही दिल्ली का मुकाबला आज किंग्स इलेवन पंजाब से…..

8
0
SHARE

गौतम गंभीर की दिल्ली डेयरडेविल्स प्वॉइंट्स टेबल में आखिरी यानी आठवें स्थान पर है। आज वह अपने होम ग्राउंड पर किंग्स इलेवन पंजाब का मुकाबला करेगी। किंग्स इलेवन प्वॉइंट्स टेबल में चेन्नई के बाद दूसरे नंबर पर है। दिल्ली ने अब तक पांच मैच खेले हैं। इनमें से चार में उसे हार का सामना करना पड़ा है। प्वाइंट्स तो चेन्नई के भी आठ ही हैं लेकिन रन रेट में वो किंग्स से आगे है। दिल्ली के लिए आईपीएल का 11वां सीजन अब तक काफी खराब गुजरा है। उसने खेल के किसी भी डिपार्टमेंट में ऐसा कुछ नहीं किया जो उसे जीत का हकदार बनाए। आज दिल्ली जब अपने होम ग्राउंड पर पंजाब का मुकाबला करने उतरेगी तो उसे पुरानी बातों को भूलकर नई शुरुआत करने का मौका मिलेगा। लेकिन, ये भी सही है कि ये रास्ता उसके लिए आसान नहीं होगा।

ऐसा नहीं है कि गौतम गंभीर के पास टैलेंट या स्किल्स की कमी हो। लेकिन, वो मैदान पर एक या दो खिलाड़ियों पर निर्भर नजर आती है। गौतम गंभीर के लिए समस्या दोहरी है। एक तो वो खुद रन नहीं बना पा रहे हैं और दूसरा टीम को एक यूनिट के तौर पर रखने में नाकाम साबित हुए हैं। बैटिंग की बात करें तो गंभीर के अलावा श्रेयस अय्यर, ग्लेन मैक्सवेल, कॉलिन मुनरो, जेसन रॉय और पृथ्वी शॉ हैं। शॉ को अब तक 11 में जगह नहीं मिल सकी है। सबसे ज्यादा निराश मुनरो ने किया है। न्यूजीलैंड का यह खतरनाक ओपनर अब तक रन नहीं बना पाया है। जब गंभीर और मुनरो दोनों नहीं चलते तो मिडल ऑर्डर पर दबाव आ जाता है। वो ये दबाव झेल नहीं पाता। लिहाजा, पूरी टीम बिखर जाती है। दिल्ली के अच्छा बॉलिंग अटैक है। मोहम्मद शमी, ट्रेंट बोल्ट और डेनियल क्रिस्टियन अच्छी लय में हैं। लेकिन, दिक्कत ये है कि उनके पास बैटिंग का सपोर्ट नहीं होता।

 अश्विन पहली बार आईपीएल में कप्तानी कर रहे हैं और क्या खूब नतीजे उन्होंने इस टीम को दिए हैं। क्रिस गेल आरसीबी के बाद इस टीम से जुड़े हैं। वो जबसे टीम में आए हैं, विरोधियों की हालत पतली है। इस आईपीएल यानी 11वें सीजन का पहला शतक क्रिस गेल के बल्ले से ही निकला। इसके बाद शेन वॉटसन ने दूसरा शतक लगाया। वैसे, क्रिस गेल ही क्यों केएल. राहुल का बल्ला भी धूम मचा रहा है। आईपीएल इतिहास की सबसे तेज हाफ सेंचुरी राहुल ने इसी सीजन में लगाई थी। आरोन फिंच भले ही ना चल रहे हों लेकिन करुण नायर राहुल और गेल को भरपूर सपोर्ट दे रहे हैं। युवराज भी हैं। हालांकि, ना तो उन्हें ज्यादा मौके मिले और जो मिले वो उन्हें भुना नहीं पाए। बॉलिंग की बात करें तो अश्विन और मुजीब उर रहमान शानदार खेल दिखा रहे हैं। मोहित शर्मा ने सबको प्रभावित किया है। इसके अलावा बरिंदर सरन तो हैं ही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here