Home हिमाचल प्रदेश कसौली गोलीकांड: आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया हत्यारा…

कसौली गोलीकांड: आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया हत्यारा…

5
0
SHARE

टीसीपी की सहायक टाउन प्लानर शैलबाला शर्मा की हत्या का आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। दो दिन पुलिस को छकाने के बाद वीरवार शाम करीब साढ़े 5 बजे आरोपी विजय सिंह उत्तर प्रदेश के जिला मथुरा के वृंदावन में पुलिस के हाथ लगा। गिरफ्तारी के वक्त विजय सिंह वृंदावन के मंदिर में भेस बदलकर बैठा था। उसने अपनी मूंछ व बाल भी कटवा लिए थे। साथ ही नए कपड़े पहने थे। उसकी पहचान एसएचओ कसौली के नेतृत्व में तलाशी में जुटी तीन सदस्यों की टीम ने की।

सोलन पुलिस व दिल्ली पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन ने उसकी गिरफ्तारी को अंजाम दिया। विजय सिंह को पकडऩे के लिए पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया था। बताया जा रहा है कि विजय सिंह ने अपना मोबाइल बंद रखा था, लेकिन वो विभिन्न माध्यमों से कुछ लोगों के संपर्क में था, जिस पर पुलिस की नजर थी। जानकारी के अनुसार एडिशनल एसपी सोलन शिव कुमार के नेतृत्व ने गठित एसआईटी ने उसकी गतिविधियों तो ट्रेस किया और पुलिस टीम को मथुरा में उसे ढूंढने के निर्देश दिए।

उधर, विजय सिंह कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने भी चैन की सांस ली है। खबर लिखे जाने तक पुलिस वृंदावन से विजय सिंह को गिरफ्तार कर सोलन रवाना हो चुकी थी। गिरफ्तारी से जुड़े अन्य पहलू फिलहाल उजागर नहीं किए गए है। जानकारी के अनुसार आरोपी पंजाब के डेरा बस्सी होते हुए वृंदावन पहुंचा था, जहां से आखिरकार उसे गिरफ्तार किया गया।

डीसी सोलन विनोद कुमार ने माना है कि इस घटना के लिए प्रशासन भी जिम्मेदार है। उनके साथ एसपी सोलन मोहित चावला भी मौजूद रहे। डीसी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कसौली स्थित 13 होटलों के अवैध निर्माण को गिराने के लिए चार टीमों का गठन किया गया था। प्रत्येक टीम में एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट के अलावा टीसीपी, लोक निर्माण विभाग, आईपीएच, वन व लोक निर्माण विभाग के बिजली विंग के अधिकारी भी थे। जबकि एसडीएम सोलन व डीएसपी परवाणू इन सभी टीमों का नेतृत्व कर रह थे।

प्रत्येक टीम को होटल के अंदर जाने से पूर्व सावधानी बरतने को कहा गया था, लेकिन इस मामले में चूक हुई। पुलिस को मुस्तैदी से शैलबाला व टीम के अन्य सदस्यों के साथ मौजूद होना चाहिए था, जो कि नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि अवैध निर्माण को गिराने के लिए प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट से 20 दिन का अतिरिक्त समय मांगा है।

कसौली गोलीकांड आरोपी को यूपी पुलिस की सहायता से वृंदावन से गिरफ्तार किया गया है। विजय सिंह भेस बदलकर छुपा था। पुलिस ने दिन-रात मेहनत कर उसे पकडऩे में कामयाबी हासिल की है। उसे सोलन लाया जा रहा है।आरोपी विजय सिंह को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसपी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. खुशाल शर्मा ने बताया कि आरोपी ने हुलिया बदल लिया था। वह किस रूट से वहां तक पहुंचा, इसकी जांच हो रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here