Home राष्ट्रीय आज से फिर चलेगी धूल भरी आंधी, यूपी में बारिश की संभावना,...

आज से फिर चलेगी धूल भरी आंधी, यूपी में बारिश की संभावना, दिल्ली में भी पड़ सकते हैं छींटे….

10
0
SHARE

पिछले कई दिनों से धूल का गुबार छाए रहने के बाद रविवार रात को हुई बारिश से लोगों को जहां धूल से राहत मिली, वहीं गर्मी भी कुछ कम हुई है। अब मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि अब से कुछ ही देर में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं या आंधी के साथ झमाझम बारिश होगी। इसके अलावा दिल्ली में भी हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।

मौसम विभाग की मानें तो उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में आज (सोमवार को) हल्की बारिश या गरज के साथ छीटें पड़ सकते हैं। विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह स्थिति बन रही है। लेकिन इसका प्रभार पर्वतीय राज्यों एवं उससे सटे मैदानी इलाकों में ही रहेगा। दिल्ली, हरियाणा और इससे सटे इलाकों में कहीं-कहीं गरज के साथ छीटें या हल्की बारिश हो सकती है। यूपी के मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़ और बागपत में रविवार को बादल तो छाए पर बारिश नहीं हुई। लेकिन यहां आज बारिश हो सकती है।

हरियाणा के कई भागों में बारिश
हरियाणा में पानीपत, कैथल, कुरुक्षेत्र, हिसार सहित कई स्थानों पर रविवार को जमकर बारिश हुई। कैथल में तो बारिश का पानी विभिन्न इलाकों में भर गया। मुख्य सड़कों पर भी कई फीट पानी भर गया। कुरुक्षेत्र में भी सड़कों पर पानी भर गया।

सहारनपुर में मौसम सुहाना
सहारनपुर में कई दिनों से हो रही भीषण गर्मी और धूल के गुबार के बाद रविवार सुबह हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। खेतों में पर्याप्त पानी भर जाने से किसानों ने धान की रोपाई शुरू कर दी है।
मुजफ्फरनगर में शनिवार आधी रात के बाद चली तेज हवा व मूसलाधार बारिश से चौथे दिन आसमान में घूम रहा धूल का गुबार अब पूरी तरह से साफ हो गया। रविवार दोपहर 12 बजे रुक-रुककर वर्षा होने से मौसम सुहावना हो गया। अधिकतम तापमान 34 व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा।

शामली देहात क्षेत्रों में झमाझम बारिश और शहर में बूंदाबादी से मौसम खुशगवार हो गया। देहात क्षेत्रों थानाभवन, कांधला क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई। बिजनौर में सबसे ज्यादा तीन सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। दुद्धी, नगीना और नकुड़ में एक-एक सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बीते चौबीस घंटों के दौरान फैजाबाद और मुरादाबाद  मंडल में दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई।

उत्तराखंड में तीस जून के बाद आ सकता है मानसून

उत्तराखंड में भले ही मानसून आने में अभी देर हो, लेकिन मानसून-पूर्व बारिश अगले कुछ दिन मौसम को सुहाना रखेगी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून समेत, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में अगले कुछ दिन हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान जहां दून का अधिकतम तापमान 30 डिग्री रहेगा। वहीं पर्वतीय जिलों में भी तापमन में गिरावट से मौसम सुहाना रहेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक, बिक्रम सिंह ने बताया कि मानसून 30 जून के बाद आ सकता है,  लेकिन अभी पूरे राज्य में मानसून-पूर्व की बारिश हो रही है। यह कहीं तेज तो कहीं शावर के रूप में हो रही है। तापमान अगले कुछ दिन मैदानों में 30 डिग्री तक रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग का दावा
दक्षिण और पूर्वोत्तर में अच्छी बारिश के बावजूद मध्य एवं पूर्वी भारत में मानसून के आने में देरी हो गई है। हालांकि, इसके दिल्ली में तय समय 29 जून को पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने दावा किया है कि 22 जून से मानसून फिर से सक्रिय हो जाएगा। इसके बाद  उत्तर भारत में भी जोरदार बारिश होगी।

मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. के.जे. रमेश के अनुसार, मानसून अभी तक पश्चिम बंगाल में ही ठिठका हुआ है। करीब-करीब यह स्थिति हमेशा होती है जब मानसून पश्चिम बंगाल का पड़ाव पूरा कर विराम लेता है। लेकिन इस बार यह विराम थोड़ा लंबा खिंच गया है। 12 जून से ठिठका मानसून अब 22 जून से ही सक्रिय हो पाएगा।

अगले एक सप्ताह मानसून आने के आसार नहीं, पश्चिमी यूपी में बारिश के आसार
मानसून को अब तक मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, बिहार होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर जाना चाहिए था। इस हिसाब से इसमें थोड़ी देरी हो गई है। लेकिन विभाग को उम्मीद है कि 22 जून को सक्रिय होने के बाद एक सप्ताह के भीतर यह झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली तक छा जाएगा। दिल्ली में मानसून के आगमन की तिथि 29 जून है। उम्मीद है कि दिल्ली में तय समय पर मानसून पहुंच जाएगा।

दक्षिण-पूर्वोत्तर में अच्छी बारिश : रमेश ने कहा कि अभी तक मानसून देश के दो हिस्सों दक्षिण एवं पूर्वोत्तर में पहुंचा है और दोनों हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। विभाग ने मध्य एवं उत्तर-पश्चिमी हिस्से में भी अच्छी बारिश की संभावना व्यक्त कर रखी है।

पूर्वोत्तर में विनाशकारी बाढ़ ने पिछले 24 घंटों में और छह लोगों की जान ले ली है। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़ कर 23 हो गई। हालांकि, क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति में थोड़ा सुधार देखने को मिला है।

असम में शनिवार से पांच और लोगों की मौत हो चुकी है जबकि मणिपुर में एक व्यक्ति की जान चली गई। इसके साथ ही उत्तर और पूर्वोत्तर भारत में बारिश होने के बाद लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। इस बीच असम में बाढ़ की स्थिति और खराब हो गई है जिससे साढ़े चार लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। शनिवार से बाढ़ के कारण पांच और लोगों को जान गंवानी पड़ी है।

मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब और हरियाणा में बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। चंडीगढ़ में रविवार सुबह बारिश हुई और यहां का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में अम्बाला का तापमान 30 डिग्री, करनाल का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो सामान्य से दस डिग्री कम है। पंजाब में लुधियाना, पटियाला और अमृतसर में अधिकताम तापमान क्रमश: 29.9 डिग्री, 29.4 डिग्री और 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान में चुरू सबसे अधिक गर्म रहा और वहां अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह प्रदेश के जैसलमेर, कोटा, जयपुर, बाड़मेर और बीकानेर का अधिकतम तापमान क्रमश: 40.5, 39.8, 39.7, 39.6 तथा 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर वर्षा हुई है। शिमला उसके आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुककर वर्षा हुई है जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here