Home राष्ट्रीय राहुल गांधी का जन्मदिन, हरियाणा में आज से ‘घर-घर कांग्रेस’ अभियान की...

राहुल गांधी का जन्मदिन, हरियाणा में आज से ‘घर-घर कांग्रेस’ अभियान की शुरुआत….

4
0
SHARE

आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का जन्म दिन है। कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद आज उनका पहला जन्मदिन है। आज वे 48 वर्ष के हो गए। इस खास मौके पर पूरे देश में जश्न मनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तैयारी की है। इसी कड़ी में राजधानी दिल्ली के रायसीना रोड स्थित यूथ कांग्रेस कार्यालय में भी राहुल गांधी के जन्मदिवस पर एक खास समारोह का आयोजन किया गया है। इसके अलावा पार्टी हरियाणा से कांग्रेस ‘घर-घर कांग्रेस’ अभियान शुरू करेगी।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि राहुल गांधी के जन्म दिवस के अवसर पर हरियाणा में ‘घर-घर कांग्रेस’ अभियान शुरू किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रदेश के लोगों को वर्तमान भाजपा सरकार की चार वर्ष की नाकामियों की जानकारी देते हुए कांग्रेस के समर्थन में लामबंद किया जाएगा। तंवर ने पानी के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक हितों को साधने के लिए हरियाणा के हिस्से का पानी राजस्थान भेजा जा रहा है। हरियाणा सरकार को इस बारे सार्वजनिक मंच से अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

तंवर ने कहा कि बीते फरवरी माह से भाखड़ा से हरियाणा के हिस्से का पानी राजस्थान को भेजा जा रहा है, क्योंकि राजस्थान में इसी साल चुनाव होने हैं। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने केंद्र तथा राजस्थान की वसुंधरा राजे सरकार के साथ मिलकर हरियाणा वासियों के हितों का सौदा किया है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए हरियाणा के लोगों को भाजपा सरकार की वास्तविकता बताने का काम करेगी।

अशोक तंवर सोमवार को यहां पूर्व आईएएस प्रदीप कासनी तथा जेएनयू के छात्र नेता प्रदीप नरवाल को औपचारिक रूप से कांग्रेस में शामिल करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कासनी ने कुछ दिन पहले दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करके कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान किया था।

अशोक तंवर ने कहा कि उनके द्वारा प्रदेश में शुरू की गई साइकिल यात्रा का तीसरा चरण 19 जुलाई को रोहतक जिले के गढ़ी-सांपला किलोई विधानसभा क्षेत्र से शुरू होगा। उल्लेखनीय है कि यह क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का विधानसभा क्षेत्र है। दिलचस्प बात यह है कि तंवर 22 जुलाई तक चलने वाली साइकिल यात्रा के दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पैतृक गांव सांघी में भी जाएंगे। इसके बाद उनकी यह यात्रा कलानौर विधानसभा क्षेत्र के गांव बनियानी में संपन्न होगी। यह गांव मुख्यमंत्री मनोहरलाल का पैतृक गांव है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की और उनको जन्मदिन की अग्रिम बधाई दी।
कांग्रेस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया, करीब एक घंटे की मुलाकात के दौरान गांधी ने कुमारस्वामी से कहा कि वह अच्छी तरह सरकार चलाएं और कांग्रेस का उनको पूरा सहयोग रहेगा। इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी केसी वेणुगोपाल और जेडीएस महासचिव दानिश अली ने कहा, राहुल गांधी का 19 जून को जन्मदिन है। कुमारस्वामी ने उनसे मुलाकात की और जन्मदिन की अग्रिम बधाई दी। कुमारस्वामी नीति आयोग की संचालन परिषद की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली आए थे।

उल्लेखनीय है कि 19 जून 1970 को जन्मे राहुल गांधी 2004 से राजनीति में सक्रिय हैं। वह इन दिनों साल के अंत में होने वाले मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव और 2019 लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here