Home हिमाचल प्रदेश CM ने की बंजार में हैलीपैड तथा एचआरटीसी बस डिपो के निर्माण...

CM ने की बंजार में हैलीपैड तथा एचआरटीसी बस डिपो के निर्माण की घोषणा…

4
0
SHARE

शैरोपा में ग्रेटर हिमालयन नेशनल पार्क के प्राकृतिक अध्ययन केन्द्र की रखी आधारशिला     बजौरा में 14 करोड़ के 50 बिस्तरों के आयुष अस्पताल की भी रखी आधारशिलाकेन्द्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के लिये 4365 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं स्वीकृत की हैं, जो न केवल लोगों का कल्याण सुनिश्चित करेंगी, बल्कि राज्य की आर्थिकी को भी मजबूत करेंगी। यह जानकारी मुख्यमंत्री श्री जय राम ठाकुर ने आज कुल्लू जिले के बंजार में जनसभा को सम्बोधित करते हुए दी।

श्री जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश को आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह की उदारता व हितैषिता प्राप्त है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार केन्द्र से परियोजनाएं स्वीकृत करवाने में विफल रही। उन्होंने कहा कि वर्तमान केन्द्र तथा राज्य सरकार प्रदेश के कल्याण तथा विकास के लिए गहन तालमेल के साथ कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा के चारों सांसद राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकार की बागडोर संभालने के बाद बंजार विधानसभा क्षेत्र का उनका यह पहला दौरा है। उन्होंने कहा कि कुल्लू में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन बंजार अभी तक अछूता है और इसकी क्षमता का पूरी तरह दोहन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि बंजार के लोगों ने इस बार सुरेन्द्र शौरी के रूप में एक युवा तथा ईमानदार नेता को चुना है और क्षेत्र विकास के मामले में नई ऊंचाईयां हासिल करेगा।

श्री जय राम ठाकुर ने कहा कि पिछले लगभग साढ़े चार महीनों के दौरान राज्य सरकार लोगों के कल्याण के लिए पूरे समर्पण के साथ कार्य कर रही है। पिछली राज्य सरकार ने दिन में सपने देखने अलावा कुछ भी नहीं किया, लेकिन वर्तमान राज्य सरकार सपनों को वास्तविकता में बदलने पर विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार राज्य के लिए केन्द्र सरकार द्वारा स्वीकृत की गई 69 परियोजनाओं की डीपीआर तक बनाने में विफल रही। वर्तमान सरकार ने अपने इस कार्यकाल में 53 डीपीआर की निविदा प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश के 21 राज्यों में भाजपा तथा इसके गठबंधन की सरकारें हैं। इसका श्रेय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह को जाता है।

उन्होंने घोषणा की कि बंजार में हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा, ताकि आपातकाल के दौरान क्नेक्टिविटी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि इससे सैलानियों को भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने रेशम कीट पालन परियोजना के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने प्राथमिक पाठशाला शक्ति को माध्यमिक पाठशाला तथा माध्यमिक पाठशाला पनिहार को उच्च पाठशाला में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने घोषणा की कि बंजार बाईपास का निर्माण किया जाएगा, वशर्ते इसके लिए भूमि उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने बंजार में अग्नि उपकेन्द्र खोलने तथा पुलिस पोस्ट को पुलिस स्टेशन में स्तरोन्नत करने के अलावा बंजार में एचआरटीसी सब डिपो खोलने की भी घोषणाएं की।

इससे पूर्व, उन्होंने 2.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली जिभी से तांदी सड़क के लिए ‘भूमि पूजन’ भी किया। उन्होंने 3.50 करोड़ रुपये की लागत के खण्ड विकास कार्यालय के नए भवन की आधारशिला भी रखी। इसमें न केवल बीडीओ कार्यालय होगा, बल्कि इसकी शीर्ष मंजिल में बहुउद्देशीय सभागार भी होगा।

इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री ने शैरोपा में 4.60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले ग्रेटर हिमालयन नेशनल पार्क के प्राकृतिक अध्ययन केन्द्र तथा में लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 50 विस्तरों के आयुष और सोआ रिग्प्पा अस्पताल की आधारशिलाएं रखीं।

मुख्यमंत्री को इस अवसर पर अनेक सामाजिक, सांस्कृतिक तथा राजनीतिक संगठनों द्वारा सम्मानित किया गया। लोगों ने गाड़ागुसैणी से बंजार तक मुख्यमंत्री का जगह-जगह गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

वन और परिवहन मंत्री श्री गोविन्द ठाकुर ने कहा कि गत साढ़े चार महीनों के दौरान राज्य सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण तथा राज्य के प्रत्येक क्षेत्र के विकास के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल  गृहिणी सुविधा योजना के अन्तर्गत गैस सिलेंडर तथा चुल्हा के रूप में 3500 रुपये की किट प्रदान कर रही है।

सांसद श्री राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि बंजार विधानसभा क्षेत्र आज मुख्यमंत्री श्री जय राम ठाकुर तथा विधायक श्री सुरेन्द्र शोरी के नेतृत्व में प्रगति तथा खुशहाली के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार वर्ष 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए राज्य में अधिक से अधिक कृषि भूमि में सिंचाई सुविधाएं प्रदान करने पर बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए उज्जवला योजना के अन्तर्गत 3.80 करोड़ गैस कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं।

बंजार के विधायक श्री सुरेन्द्र शौरी ने अपने विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि बंजार के लोगों को मुख्यमंत्री से बड़ी अपेक्षाएं हैं। उन्होंने क्षेत्र के लिए विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की आधारशिलाएं रखने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि बंजार में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिनका पूरी तरह दोहन करने की आवश्यकता है। उन्हों बंजार में सब जज कोर्ट के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया। उन्होंने क्षेत्र की अन्य विकासात्मक मांगों का ब्यौरा भी दिया।

बल्ह के विधायक श्री इन्द्र सिंह गांधी, जिला परिषद अध्यक्षा रोहिणी चौधरी, कुल्लू के उपायुक्त यूनुस खान, पुलिस अधीक्षक कुल्लू श्रीमती शालिनी अग्निहोत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here