Home Una Special आपसी लड़ाई में उलझी कांग्रेस: अनुराग

आपसी लड़ाई में उलझी कांग्रेस: अनुराग

10
0
SHARE
ऊना: कांग्रेस पार्टी हिमाचल में आपसी लड़ाई में उलझी हुई है, आपसी कपड़े फाड़ संघर्ष चल रहा है। कांग्रेस पहले अपनी लड़ाई से निपटा लें, फिर भाजपा से लडऩे की सोचे। यह बात हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद व लोकसभा में भाजपा के चीफ  विह्प अनुराग ठाकुर ने कही। अनुराग ठाकुर दिल्ली जाते समय ऊना में मीडिया से रू-ब-रू हुए।
अनुराग ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमारे लिए कोई चुनौती नहीं है, कांग्रेस अपने लिए खुद के लिए चुनौती है, जो आपस में लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में किस प्रकार लड़ाई लड़ी जा रही है, वह जनता के सामने है, नेताओं में आपस की सिर फोटॉवल की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में 4 की 4 लोकसभा सीटें जीतने का दावा कांग्रेस का हंसी के अलावा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए चुनौती बनने से पहले कांग्रेस को खुद की चुनौतियों से निपटना होगा। भाजपा विकास के नाम पर चुनाव लड़ती आई है और लड़ेगी। अनुराग ने कहा कि हमने काम किया है, काम के नाम पर जनता के बीच जाएंगे।
कांग्रेस की तरह झूठे आरोप लगाकर नहीं। उन्होंने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में अनेक केंद्रीय योजनाएं स्वीकृत करवाई गई, लेकिन प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ने केंद्रीय योजनाओं को लटकाने का काम किया, यही कारण है कि आज जयराम सरकार उन्हीं केंद्रीय योजनाओं को तेज गति के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने केंद्रीय योजनाओं में भेदभाव न किया होता तो आज विकास के कई आयाम तय कर लिए होते, लेकिन वर्तमान सरकार हमीरपुर हलके की केंद्रीय योजनाओं के भूमि सहित अन्य स्वीकृतियों को करने में तेज गति से काम कर रही है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने हमीरपुर हलके के 25 राष्ट्रीय मार्गों की डीपीआर बनने में रुचि नहीं दिखाई, एम्स के लिए जरूरी भूमि व एनओसी देने में देरी की, केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए जरूरी पैसा जमा नहीं करवाया, पीजीआई सैटेलाइट सेंटर ऊना के लिए भूमि व रास्ता देने में देर लगाई। उन्होंने कहा कि यह सब योजनाएं कांग्रेस के कारण रुकी थी और अब इन्हें जल्द पूरा करवाया जाएगा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि अंब से दौलतपुर चौक रेल लाइन का कार्य तय समय में पूरा करवाया गया है। अंब से दौलतपुर चौक तक रेल ट्रैक को सुरक्षा की दृष्टि से हरी झंडी मिल गई है।
आगामी 2 माह के भीतर इस रेल ट्रैक का उद्घाटन करवाकर ट्रेन चला दी जाएगी। वही ऊना से हमीरपुर रेल लाइन के सर्वे को अंतिम मंजूरी मिल गई है, दिवाली के आसपास इस का भी शिलान्यास करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि करीब 7.50 करोड़ की लागत से ऊना व अंब  रेलवे स्टेशन का विस्तार व फुटब्रिज बनाने का काम किया जाएगा, जिसके टेंडर हो गए हैं। सांसद ने कहा कि ऊना रेलवे स्टेशन को बी श्रेणी के स्टेशन की सुविधाएं दी जाएंगी और दूसरा प्लेटफॉर्म जल्द बनाया जाएगा, जिससे रेल नेटवर्क मजबूत करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि हिमाचल की सीमा तक भूमि के अधिग्रहण का कार्य पूरा हो चुका है और आगे तक रेल लाइन बिछाने के लिए आवश्यक धनराशि भी स्वीकृत कर दी गई है। अंब से दौलतपुर चौक तक रेल लाइन का विद्युतीकरण का कार्य भी हो इसे आगामी रेल बजट में प्रस्तावित करवाया जाएगा। इस अवसर पर जिला भाजपा के अध्यक्ष बलवीर बग्गा, महामंत्री यशपाल राणा, शहरी भाजपा के अध्यक्ष सुरजीत सैनी, युवा नेता सुमित शर्मा, राहुल देव शर्मा, खामोश जैतिक, मदन पुरी, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राज कुमार पठानिया, आईटी सेल के संयोजक बलविंदर कुमार गोल्डी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ठाकुर ने कहा कि इस मानसून सत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए है। उन्होंने कहा कि 118 प्रतिशत कार्य से रिकॉर्ड बनाया गया है।  6 दशकों से जो कार्य ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने का रुका हुआ था, उसे पूरा किया गया है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला है, एससी एसटी मसले पर फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव पर सरकार की मजबूती के साथ जीत हुई है। अनेक मसले रखे गए हैं और अनेक बिल पास किए गए हैं। ऐसे में इस बार लोकसभा का कार्य सबसे बढिय़ा रहा है।
अनुराग ने कहा कि यह सत्र सामाजिक न्याय का रहा है। उन्होंने कहा कि तय किया गया है कि हर वर्ष 1 से 9 अगस्त तक सामाजिक न्याय पर्व के रूप में मनाया जाएगा। इस बार इसे 15 से 30 अगस्त तक मनाया जाना तय हुआ है, ताकि जनता के बीच विषयों को ले जाया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here