Home मध्य प्रदेश एंटी इंकम्बेंसी झेल रहे भाजपा से 3-4 बार के विधायकों के कट...

एंटी इंकम्बेंसी झेल रहे भाजपा से 3-4 बार के विधायकों के कट सकते हैं टिकट….

5
0
SHARE

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के फीडबैक, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सर्वे और संगठन की रिपोर्ट को सामने रखकर भाजपा ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। अभी तक ग्वालियर संभाग से शुरू कर 160 सीटों पर चर्चा हो गई है। जल्द ही 2-3 नामों का पैनल बनाया जाएगा। साथ ही तय किया गया है कि 2013 के विधानसभा चुनावों में 20 से लेकर 50 हजार वोटों से हारे भाजपा प्रत्याशियों के नामों पर अभी कोई विचार नहीं होगा। 10 हजार से अधिक वोटों से हारे प्रत्याशी यदि जातिगत समीकरणों और सर्वे के आधार पर अभी भी वोटरों के बीच वजूद रखते हैं तो उन पर एक बार चर्चा की जाएगी।

एंटी इंकम्बेंसी झेल रहे 3-4 या इससे अधिक बार चुनाव जीतने वालों के भी टिकट बदले जा सकते हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास पर अखिल भारतीय सह क्षेत्र प्रचारक प्रमुख अरुण जैन और क्षेत्र प्रचारक दीपक विस्पुते की मौजूदगी में शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे, प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह और संगठन महामंत्री सुहास भगत की सीटवार चर्चा हुई, जिसमें 160 सीटों पर संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चा हो गई है। संघ की ओर से दिए गए फीडबैक के अाधार पर भी नामों को सूची में शामिल किया जाएगा। भाजपा की कोशिश है कि 20 तारीख से पहले सभी सीटों पर पैनल बना लिया जाए। मुख्यमंत्री शिवराज और प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह शुक्रवार को दिल्ली जाएंगे। वहां वे वरिष्ठ नेताओं से भी टिकटों पर चर्चा करेंगे।

बैठक में बैरसिया, उत्तर और हुजूर सीट पर सहमति तकरीबन बन गई है। संघ की ओर से साफ कर दिया गया है कि उत्तर सीट पर इस बार हिंदुत्व का चेहरा होगा। पिछले विधानसभा चुनाव में भी बैरसिया में विष्णु खत्री और हुजूर में रामेश्वर शर्मा को संघ समर्थित मानते हुए टिकट मिला था। मध्य सीट से मौजूदा विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह को लेकर संघ ने मुख्यमंत्री को अलग तरह का फीडबैक दिया है, जो पिछले नगर निगम चुनावों से जुड़ा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि मध्य सीट का चेहरा अंतिम दौर में तय होगा। जतारा सीट से 233 वोटों से हारे हरिशंकर खटीक को भाजपा दोबारा लड़ाने पर विचार कर रही है। करण सिंह वर्मा भी 744 वोटों से हारे थे। इछावर से इनके नाम पर फिलहाल सहमति बनी है। सिरोंज में लक्ष्मीकांत शर्मा को लेकर पार्टी असमंजस में है। राजनगर सीट पर 8607 वोटों से हारे डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया के नाम पर चर्चा हुई, लेकिन संघ सहमत नहीं है। अजय विश्नोई जबलपुर पश्चिम सीट से दावेदारी कर रहे हैं, लेकिन पूर्व मंत्री हरेंद्र जीत सिंह बब्बू के मामले में सिर्फ संगठन सहमत है।

 

बैठक में यह भी तय हुआ कि 230 सीटों पर की गई रायशुमारी का पहले संगठन स्तर पर अध्ययन किया जाएगा। सर्वे व संघ के फीडबैक से उसका मिलान होता है तो ठीक, अन्यथा इसमें संशोधन किया जाएगा। गुरुवार को रायशुमारी का काम हो गया है। भाजपा 28 अक्टूबर के बाद प्रत्याशी की पहली सूची जारी कर सकती है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here