Home मध्य प्रदेश भोपाल से दिग्विजय के लड़ने से रोचक होगा मुकाबला….

भोपाल से दिग्विजय के लड़ने से रोचक होगा मुकाबला….

5
0
SHARE

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को भोपाल से कांग्रेस प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा की है। इसके बाद से इस संसदीय क्षेत्र में रोचक मुकाबला होने की संभावनाएं बढ़ गईं हैं। अब भाजपा भी यहां से किसी बड़े चहरे को मैदान में उतारने की तैयारी में है। संभावना है कि भाजपा केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को मैदान में उतारने पर विचार कर रही है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने प्रदेश की जो सीटें होल्ड की हैं, उनमें भोपाल भी शामिल है। दिग्विजय सिंह करीब 15 साल बाद लोकसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। भोपाल संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के दिग्गज नेता डॉ. शंकरदयाल शर्मा और सुरेश पचौरी भी चुनाव हार चुके हैं।

हालांकि कांग्रेस की ओर से अभी दिग्विजय सिंह के नाम की अधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। शनिवार को भोपाल में मिंटो हॉल में होली मिलन कार्यक्रम में पत्रकारों ने कमलनाथ से जब दिग्विजय सिंह के भोपाल से चुनाव लड़ने के बारे में पूछा तो उन्होंने इसकी पुष्टि की। नाथ की घोषणा के बाद भोपाल लोकसभा सीट का चुनाव रोचक होने जा रहा है।

भोपाल लोकसभा सीट पर पहली बार 1957 में चुनाव हुआ तब कांग्रेस की मैमुना सुल्तान यहां पर जीत हासिल की थीं। इसके बाद अगले चुनाव में भी वे फिर से इस क्षेत्र की सांसद बनी। इस सीट से पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा भी सांसद रह चुके हैं। उन्होंने 1971 और 1980 के चुनाव में इस सीट पर जीत हासिल की थी। 1977 के चुनाव में डॉ. शंकर दयाल शर्मा चुनाव हार गए। उन्हें भारतीय लोकदल के आरिफ बेग ने शिकस्त दी।

1999 में हुए लोकसभा चुनाव में उमा भारती ने यहां से जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे सुरेश पचौरी को मात दी। इसके बाद प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी यहां से दो बार 2004 और 2009 में जीतकर संसद पहुंचे। उन्हीं के कहने पर 2014 में मौजूदा सांसद आलोक संजर पहली बार टिकट मिला और वे जीत कर संसद पहुंचे। इस सीट पर सबसे ज्यादा भाजपा के सुशीलचंद्र वर्मा को जीत मिली है। वे लगातार 4 बार इस सीट पर जीतकर सांसद बने। कांग्रेस को इस सीट पर 5 बार जीत मिली चुकी है।

भाजपा सूत्रों की मानें तो मध्यप्रदेश की लोकसभा सीटों के लिए आज प्रत्याशियों की पहली सूची जारी हो सकती है। इसमें पहले चरण की 6 सीटें और दूसरे चरण की 7 सीटों के लिए नामों का ऐलान हो सकता है। शुक्रवार को दिल्ली में केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक पर प्रत्याशियों के नाम लगभग तय हो चुके हैं। पहले और दूसरे चरण में सीधी, शहडोल, मंडला, बालाघाट, जबलपुर, छिंदवाड़ा, बैतूल, दमोह, खजुराहो, रीवा, सतना, होशंगाबाद, टीकमगढ़ में चुनाव होना है। इन सीटों के लिए प्रत्याशी आज तय हो सकते हैं।

विदिशा, बैतूल, खजुराहो और देवास में नया उम्मीदवार उतारना तय है। क्योंकि विदिशा सांसद सुषमा स्वराज चुनाव लडऩे से इंकार कर चुकी है। बैतूल सांसद का जाति प्रमाण पत्र अमान्य हो चुका है। देवास और खजुराहो सांसद विधायक बन चुके हैं। इंदौर सांसद सुमित्रा महाजन का इस बार टिकट काटा जा सकता है। उन्हें केंद्र में सरकार आने पर राज्यपाल बनाने का भरोसा देकर लगभग मना लिया गया है।  मुरैना से नरेन्द्र सिंह तोमर चुनाव लड़ सकते हैं। इसके अलावा सागर, बालाघाट, सतना, शहडोल, उज्जैन, राजगढ़, मंदसौर, धार, सीधी, भिंड सांसदों के टिकट काटे जा सकते हैं।

मध्यप्रदेश में कब- कहां होंगे चुनाव

पहला चरण 29 अप्रैल 
सीधी, शहडोल, मंडला, बालाघाट, जबलपुर, छिंदवाड़ा

दूसरा चरण 6 मई 
बैतूल, दमोह, खजुराहो, रीवा, सतना, होशंगाबाद, टीकमगढ़

तीसरा चरण 12 मई

मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल,राजगढ़

चौथा चरण 19 मई 

देवास, उज्जैन, धार, खंडवा, इंदौर, मंदसौर, रतलाम, खरगोन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here