Home हिमाचल प्रदेश सत्ता संग्राम पवन काजल के सिर पर वीरभद्र ने रखा हाथ, आश्रय...

सत्ता संग्राम पवन काजल के सिर पर वीरभद्र ने रखा हाथ, आश्रय महरूम….

37
0
SHARE

हिमाचल की राजनीति को अपनी धुरी पर चलाने का माद्दा रखने वाले पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने लोकसभा चुनाव की रणभेरी बजते ही अपनी ताकत दिखाना शुरू कर दी है। मंडी में पंडित सुखराम के पोते आश्रय शर्मा के रोड शो से दूरी बनाने वाले वीरभद्र सिंह ने कांगड़ा-चंबा संसदीय सीट के कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल के साथ ऐसा नहीं किया।

चुनावी रण में उतरने से पहले पवन काजल के सिर पर वीरभद्र सिंह ने हाथ रखकर न सिर्फ आशीर्वाद दिया बल्कि पूरे चुनाव में सारथी बनने का एलान भी कर दिया। वीरभद्र सिंह ने अपने फेसबुक पेज पर बाकायदा फोटो शेयर कर जनता से पवन काजल को जिताने का आह्वान किया है। साथ ही कहा है कि वह काजल के लिए चंबा-कांगड़ा के हलकों में खुद जाकर वोट भी मांगेंगे। फोटो में वीरभद्र सिंह काजल के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद दे रहे हैंइससे इतर वीरभद्र सिंह ने आश्रय शर्मा को काजल जैसा स्नेह देने से वंचित रखा। पंडित सुखराम परिवार की घर वापसी के बाद मिलकर काम करने की बात करने के अचानक बाद आया राम गया राम के बयान से सियासी हलचल मचा दी।

वहीं, उन्होंने कांगड़ा से अपनी राजनीतिक शतरंज पर मोहरे बैठाने भी शुरू कर दिए। राजनीतिक जानकारों की मानें तो हिमाचल में करीब 22 विधायक वीरभद्र सिंह के इशारे पर ही काम करते हैं। ऐसे में वीरभद्र सिंह के आश्रय के प्रचार अभियान से दूरी और काजल को आशीष का चुनावी माहौल पर असर देखना सभी के लिए दिलचस्प हो गया है।

कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल ने गुरुवार को कांगड़ा आने से पहले नई दिल्ली में वीरभद्र सिंह से मुलाकात की। इस दौरान पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा भी मौजूद रहे। श्रीलंका से लौटते ही पवन काजल ने वीरभद्र सिंह से आशीर्वाद लिया।

वीरभद्र सिंह ने भी काजल के सिर पर हाथ रख कर उन्हें जीत दिलाने के प्रति आश्वस्त किया। पवन काजल ने सोशल मीडिया पर वीरभद्र सिंह से हुई मुलाकात की फोटो अपलोड की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here