Home हिमाचल प्रदेश लोकसभा चुनाव के बाद हिमाचल कैबिनेट में होगा फेरबदल: CM…

लोकसभा चुनाव के बाद हिमाचल कैबिनेट में होगा फेरबदल: CM…

7
0
SHARE

लोकसभा चुनाव के बाद हिमाचल कैबिनेट में फेरबदल किया जाएगा। इसमें लोकसभा चुनाव में मंत्रियों और विधायकों को अच्छी परफॉर्मेंस का तोहफा मिलेगा। मंगलवार को नूरपुर में पत्रकारों से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा चुनाव प्रचार में कांग्रेस से कहीं आगे है।

पिछली बार भाजपा ने चारों लोकसभा सीटें जीती थीं और इस बार प्रदेश में भाजपा की सरकार है और इस बार भी चारों लोकसभा सीटे जीतेंगे। इस बार केंद्र में मोदी सरकार की नीतियों और योजनाओं से देश में विकास हुआ है और इन योजनाओं का आम लोगों को लाभ मिला है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम के कांग्रेस में जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह भाजपा में आए ही कब थे। हालांकि सुरेश चंदेल के कांग्रेस में जाने का दुख है और इसकी भरपाई करेंगे।जयराम ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बयान, जिसमें उन्होंने  जयराम तजुर्बा ले रहे हैं, पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रदेश के बुजुर्ग नेता हैं, उनका सम्मान करते हैं, लेकिन जहां तक मेरे राजनीतिक तजुर्बे का सवाल है तो मैं पिछले 22 साल से राजनीति में हूं।

इस दौरान पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष भी रहा, मंत्री भी रहा, पांच बार विधायक भी रहा। तजुर्बा बयानबाजी से नहीं, बल्कि काम से मिलता है। इन चुनावों में सरकार का काम प्रदेश की चारों सीटें जिताएगा।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति नाजुक है, जिसका उदाहरण है कि प्रत्याशियों की घोषणा तीन चरणों में की। हार के डर से बड़े नेता चुनाव से कन्नी काट गए।
इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर, विधायक राकेश पठानिया, भरमौर के विधायक जिया लाल और भाजपा प्रदेश महामंत्री कृपाल परमार भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here