Home हिमाचल प्रदेश 22 सीटों पर सिमटेगी कांग्रेस – कपूर

22 सीटों पर सिमटेगी कांग्रेस – कपूर

6
0
SHARE

पिछले लोकसभा चुनावों में कांग्रेस ने 543 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 22 सांसद जीते थे, जबकि इस बार कांग्रेस 230 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और इस बार कांग्रेस 22 सांसदों तक ही सिमट जाएगी। यह बात वीरवार को कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर ने धर्मशाला सामुदायिक भवन में भाजयुमो के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। कपूर ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने मान लिया है कि हम जीतने के लिए चुनाव नहीं लड़ रहे, इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस डरी हुई है।

उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के दस वर्ष के कार्यकाल में पीएम मौनी बाबा बने रहे, जबकि पीएम नरेंद्र मोदी की नीतियों का हर कोई कायल है। उन्होंने कहा कि कांगे्रस के शहजादे राहुल गांधी की भारतीय नागरिकता पर भी अब सवाल उठना शुरू हो गए हैं। उन्हांने कहा कि इस बार भी कांग्रेस की स्थिति वर्ष 2014 के चुनावों से भी खराब होने वाली है।

कपूर ने कहा कि देश को आजादी भगत सिंह, राजदेव, राजगुरु के जवानी गंवाने पर मिली है न कि रेशम के कुर्ते पहनकर कर झूठे दिखावे करने वालों के कारण। उन्होंने कहा कि बीते पांच साल में मोदी सरकार पर एक भी घोटाले की आंच नहीं आई, लेकिन मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार के एक माह के कार्यकाल में ही 850 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि कांगे्रस मात्र दिखावे व झूठ की राजनीति में विश्वास रखती है, जबकि भाजपा काम करने में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में भारत विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुकी है। इसके उपरांत किशन कपूर ने चुनाव प्रचार के दौरान धर्मशाला शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित किया।

शहरी विकास मंत्री सरवीण चैधरी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा गरीब बच्चों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भद्दी गालियां बुलवाने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने चुनाव आयोग से प्रियंका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी का मोदी के विरोध में मासूम बच्चों का इस्तेमाल करना और उन्हें असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करना कांग्रेस की घटिया राजनीति का ताजा नमूना है।

यह मासूम बच्चों का राजनीतिक दुरुपयोग है जो कानूनन जुर्म है। सरवीण चैधरी ने कहा कि वीडियो में साफ दिख रहा है कि किसी गांव में प्रियंका गांधी गांव के गरीब बच्चों को लालच देकर प्रधानमंत्री के खिलाफ गंदे नारे लगवा रही है। वे बच्चों को मना करने की बजाय हंस कर प्रोत्साहित करती दिख रही हैं। घटिया राजनीतिक उद्देश्यों के लिए बच्चों के इस्तेमाल की इज़ाजत कानून नहीं देता है।

सरवीण चैधरी ने सवाल किया कि प्रिंयका गांधी जैसे गंदे नारे बच्चों से लगवा रही थीं क्या वो अपने बच्चों को भी यही संस्कार देंगी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी से नफरत के जुनून में प्रिंयका गांधी देश का कानून भी तोड़ रही हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि प्रिंयका गांधी के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here