Home हिमाचल प्रदेश हिमाचल में एक ही दिन PM मोदी और राहुल गांधी एक-दूसरे पर...

हिमाचल में एक ही दिन PM मोदी और राहुल गांधी एक-दूसरे पर हमला बोलेंगे…

25
0
SHARE

राजनीतिक इतिहास में पहली बार प्रधानमंत्री पद के दो दावेदार हिमाचल के सोलन शहर में एक ही दिन चुनावी जनसभा कर एक-दूसरे पर हमला बोलेंगे। 13 मई को भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की जनसभा के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी के पास आवेदन किया है। मोदी के लिए ठोडो मैदान तो राहुल गांधी के लिए पुलिस मैदान बुक करवाने की अनुमति मांगी है। राहुल गांधी की रैली दोपहर 12 बजे और पीएम मोदी की रैली दो बजे करवाने की तैयारी है।

अगर दोनों पार्टियां एक ही दिन दिग्गज नेताओं की रैलियां करवाने पर अडिग रही तो मात्र दो किलोमीटर के दायरे में दो बड़ी रैलियां एक साथ देखने को मिलेंगी। भाजपा और कांग्रेस की इस कवायद से सुरक्षा एजेंसियों के हाथ-पांव फूलना शुरू हो गए हैं। हिमाचल में स्टार वार की भाजपा-कांग्रेस ने बिसात बिछा दी है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री चंद्रमोहन ने बताया है कि पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोलन के ठोडो मैदान में रैली के लिए चुनाव आयोग को आवेदन किया है। इसी दिन भाजपा की रैली होगी।

उधर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के राजनीतिक सचिव हरिकृष्ण हिमराल ने बताया है कि सोलन के पुलिस मैदान में राहुल गांधी की रैली के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ई मेल कर मंजूरी मांगी है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने 13 मई का समय हिमाचल के लिए दे रखा है। शेड्यूल में बदलाव करना मुश्किल है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दस मई को मंडी में रैली कर चुनावी माहौल गरमाएंगे। पीएम की हिमाचल में पहली रैली मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला में रखी गई है। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 12 मई को चंबा, बिलासपुर और नाहन में चुनावी रैली करेंगे। प्रदेश भाजपा दोनों वरिष्ठ नेताओं की रैलियों की तैयारी में जुट गई है। उधर, सीएम जयराम ठाकुर चार से छह मई तक ज्यादातर समय मंडी संसदीय क्षेत्र में रहेंगे।

भाजपा नेता शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल भी 7 मई के बाद अपने संसदीय क्षेत्रों से बाहर आकर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाएं करेंगे। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, योगी आदित्य नाथ, स्मृति ईरानी और हेमा मालिनी की जनसभाएं भी भाजपा करवाने की तैयारी में हैप्रदेश कांग्रेस ने रोजाना बीस छोटी-बड़ी रैलियां करने का लक्ष्य रखा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रदेश में जनसभाएं तय होने तक चुनाव प्रचार का मुख्य जिम्मा पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर रहेगा। राहुल गांधी की सोलन और ऊना में जनसभाएं करवाने की तैयारी है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शिमला-चायल में रोड शो करेंगी। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह शनिवार से मंडी संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय चुनावी दौरे पर रहेंगे। कांग्रेस के स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्ध की ऊना, नालागढ़ और पांवटा साहिब में चुनावी जनसभाएं हो सकती हैं।

प्रदेश कांग्रेस ने इन तीन स्थानों पर सिद्धू की जनसभाएं करवाने की मांग हाईकमान से की है। इसके अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, सचिन पायलट, रणदीप सिंह सुरजेवाला के भी हिमाचल में चुनाव प्रचार करने की संभावना हैरविवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह विधानसभा क्षेत्र सिराज में चुनावी पारा चरम पर होगा। पांच मई को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह दोनों सिराज में चुनावी जनसभाएं करेंगे।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर रविवार को सिराज के छतरी में सुबह 11 बजे और दोपहर दो बजे भाटकीधार में जनसभा करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी इसी दिन दोपहर एक बजे बालीचौकी में चुनावी जनसभा करेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इन दिनों पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निशाने पर चल रहे हैं। वीरभद्र सिंह अपने भाषणों में जयराम सरकार को प्रदेश की आजतक की सबसे असफल सरकार करार दे रहे हैं। अब विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सिराज जा रहे हैं। ऐसे में जयराम ठाकुर पर उनके घर में जाकर वीरभद्र सिंह क्या रुख अपनाते है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here