Home हिमाचल प्रदेश करारी हार के बाद मंथन में जुटी कांग्रेस: वीरभद्र सिंह…

करारी हार के बाद मंथन में जुटी कांग्रेस: वीरभद्र सिंह…

8
0
SHARE

लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के अगले ही दिन शुक्रवार को कांग्रेस ने हार के कारणों पर मंथन शुरू कर दिया है। शुक्रवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निजी आवास हालीलॉज पहुंचकर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर और नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने हार की समीक्षा की। वीरभद्र सिंह ने अर्की, रोहड़ू, रामपुर और शिमला ग्रामीण के नेताओं से भी पिछड़ने के कारण पूछे। शिमला सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रहे कर्नल धनीराम शांडिल ने प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर से बंद कमरे में गुफ्तगू की। पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में दिन भर नेताओं का आना-जाना लगा रहा।

 देश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में मिली हार से कांग्रेस नेताओं के माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिखीं। शुक्रवार सुबह प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर और नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री पूर्व मुख्यमंत्री के पास पहुंचे। दोनों ने पूर्व मुख्यमंत्री से हलका वार भाजपा को मिली बढ़त पर चर्चा की। कांग्रेस के 21 विधायक होने के बावजूद किसी भी क्षेत्र में कांग्रेस को लीड न मिलने के कारणों पर चर्चा की। विधायक विक्रमादित्य सिंह, विधायक नंदलाल, विधायक मोहन लाल ब्राक्टा सहित संगठन के कई पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए।
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सभी नेताओं को जल्द एकजुट होकर पार्टी की मजबूती के लिए काम करने की अपील की।कुलदीप राठौर ने कहा कि प्रदेश की चारों लोस सीटों पर मिली हार की जल्द समीक्षा की जाएगी। हाईकमान के निर्देश मिलते ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत किया जाएगा और विभिन्न संगठनों की इकाइयों का नए सिरे से मनोबल बढ़ाया जाएगा। हार के हर छोटे-बड़े कारण की समीक्षा होगी। पार्टी ने मजबूती से चुनाव लड़ा है। पार्टी के कार्यक्रमों में भारी संख्या में कार्यकर्ता और आम जनता जुटी। बावजूद इसके वोट नहीं मिलना चिंतनीय है।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 2019 में हुआ लोकसभा चुनाव एक अपवाद है। ट्रेंड हमेशा ऐसे नहीं रहेंगे। कांग्रेस की कमियों को तलाशा जाएगा। कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना पार्टी के लिए चुनौती रहेगा। इस पर काम किया जाएगा। चुनाव नतीजों के परिणाम स्थायी नहीं रहने वाले हैं। भाजपा को शिफ्ट वोटर जल्द वापस अपने ठिकानों पर आएंगे। विधानसभा चुनावों में यही विस क्षेत्र कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेंगे। मुकेश ने चारों सीटें जीतने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को बधाई दी है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक हालीलॉज में हुई बैठक में धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनावों पर भी चर्चा हुई। पार्टी को उपचुनाव तक मजबूत करने के लिए पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का फैसला लिया गया।बैठक में उपचुनाव के प्रत्याशियों पर चर्चा नहीं हुई। राठौर ने बताया कि प्रत्याशियों पर बोलना अभी जल्दबाजी हो जाएगी। हाईकमान सहित प्रदेश के नेताओं से चर्चा की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here