Home हिमाचल प्रदेश हिमाचल घूमने की योजना बना रहे हैं तो जरूर पढ़ें ये खबर,...

हिमाचल घूमने की योजना बना रहे हैं तो जरूर पढ़ें ये खबर, प्रशासन ने लिया बड़ा फैसला..

28
0
SHARE

भीषण गर्मी के बीच ठंडक की तलाश में सैलानियों के पहाड़ों का रुख करने से शिमला समेत हिमाचल के प्रमुख पर्यटन स्थल जाम हो गए हैं। पर्यटन सीजन में बीते करीब दो सप्ताह से पहाड़ों की रानी शिमला ट्रैफिक जाम से बेहाल है। स्थानीय लोगों और सैलानियों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। ऐसे में यदि शिमला घूमने का प्लान बना रहे हैं तो इस खबर को जरूर पढ़ लें।

चंडीगढ़ की ओर से आने वाले ऐसे टूरिस्ट वाहन जिन्हें शिमला शहर से बाहर के स्थानों की ओर जाना है, वे शोघी से ढली की ओर मैहली बाईपास पर डायवर्ट होंगे। मशोबरा, बलदेयां, नालदेहरा, तत्तापानी, छराबड़ा, कुफरी, चायल, फागू, ठियोग, नारकंडा, हाटू, किन्नौर, खड़ापत्थर और हाटकोटी जाने वाले वाहन ढली-मैहली बाईपास से जाएंगे। चंडीगढ़ लौटते हुए भी सैलानियों को मैहली-शोघी बाईपास से होकर जाना होगा। वहीं, पिकअप वाहन सुबह 7:45 से सुबह 10 बजे तक शहर में नहीं चलेंगे, क्योंकि इससे ट्रैफिक बढ़ जाता है। लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन ने अब जून में वीकेंड पर शनिवार को शिमला में स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है।

इसके साथ ही शहर के बड़े स्कूलों का समय भी बदल दिया है। शहर के व्यस्ततम सर्कुलर रोड पर स्थित दो स्कूलों ताराहाल और ऑकलैंड के खुलने का समय में बदलाव किया है। पर्यटकों की बढ़ती तादाद और जाम के मद्देनजर प्रशासन ने शिमला का ट्रैफिक प्लान भी बदल दिया है। शिमला के सभी स्कूल इस माह के शनिवार 15 और 22 जून को बंद रहेंगे ताराहाल स्कूल शुक्रवार 14 जून से सुबह अब 8 बजे, जबकि ऑकलैंड स्कूल 13 जून गुरुवार  से 8:30 बजे खुलेगा। जाम के कारण स्कूली बच्चों को परेशानी न हो, इसके लिए यह व्यवस्था की है। डीसी शिमला अमित कश्यप ने बताया कि वीकेंड पर शिमला में सामान्य के मुकाबले चार गुना अधिक वाहन पहुंच रहे हैं। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ गई है।

व्यवस्था सुधारने के लिए इस माह हर शनिवार को स्कूलों में छुट्टी का फैसला लिया है। सर्कुलर रोड पर गाड़ियों को खड़ी करने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। शहर की पार्किंग पैक होने के बाद टूटीकंडी पार्किंग को पर्यटक वाहनों के लिए खोला जाएगा। टूटीकंडी से  एचआरटीसी की टैक्सियां पर्यटकों को शहर में लाने और बाहर ले जाने के लिए हर 10-15 मिनट में चलेंगी। दिन के दौरान शहर में निर्माण सामग्री ले जाने वाले ट्रकों को सर्कुलर रोड पर जाने की अनुमति नहीं होगी। डीसी शिमला अमित कश्यप ने कहा कि नई व्यवस्था लागू कर दी गई है।  देश-विदेश के हजारों सैलानी इन दिनों कुल्लू  और मनाली पहुंच रहे हैं। बजौरा से लेकर रोहतांग तक जाम से हर कोई परेशान है। जिया से रामशिला, 15 मील, 18 मील में फोरलेन कार्य के चलते घंटों जाम लग रहा है। मनाली शहर में यही हालात हैं।

गुलाबा बैरियर में वाहनों के ओवरटेक के कारण कई पर्यटक जाम में फंस रहे हैं। अब प्रशासन ने मनाली शहर में ट्रैफिक वन-वे कर दिया है। वाहन आईबैक्स चौक, रामबाग होते पुराने पुल के पास निकलेंगे, लेकिन वापस न्यू फोरलेन सड़क से होकर आना पड़ेगा।  मैक्लोडगंज में बड़े वाहनों के प्रवेश पर सुबह आठ से शाम आठ बजे तक रोक लगा दी है। वोल्वो, ट्रक जैसे बड़े वाहन रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक ही जा सकते हैं। मैक्लोडगंज के लिए कई जगह ट्रैफिक भी वन-वे किया गया है। बाईपास होकर मैक्लोडगंज वाहन भेजे जा रहे हैं और खड़ा डंडा होकर वापस धर्मशाला आएंगे। धर्मशाला से महज 9 किमी दूरी के बावजूद मैक्लोडगंज पहुंचने में एक घंटा लग रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here