Home मध्य प्रदेश प्रचंड गर्मी से हल्की राहत प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून की...

प्रचंड गर्मी से हल्की राहत प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून की हलचल..

26
0
SHARE

लगातार प्रचंड गर्मी झेल रहे प्रदेश के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसमें सबसे ज्यादा गिरावट ग्वालियर में दर्ज की गई। यहां बुधवार को 8.7 डिग्री की गिरावट के साथ 38.3 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार को ग्वालियर का तापमान 47.0 डिग्री रहा था।

वहीं, कटनी और जबलपुर के आसपास तेज आंधी साथ बारिश हुई है, इससे यहां के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को भी काफी राहत मिली है। वहीं भोपाल में 10 दिन के बाद तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। तापमान 43.7 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार को भोपाल का तापमान 45.1 डिग्री रहा था। मौसम वैज्ञानिकों ने पहले ही बताया था कि आने वाले एक-दो दिन में प्री मानसून गतिविधियां शुरू होंगी, इससे राहत मिलेगी।

मौसम वैज्ञानिकों ने कहा था कि भोपाल और आसपास 13 और 14 जून को धूलभरी आंधी और गरज चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।  पूर्व वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एसके नायक ने बताया कि पूर्वी अरब सागर के ऊपर बने चक्रवाती तूफान का असर भी यहां पड़ेगा। इसके चलते गुरुवार और शुक्रवार को आंधी चल सकती है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि एक दो दिन में मध्यप्रदेश के दक्षिणी हिस्से भोपाल, इंदौर, उज्जैन संभागों के जिलों में मानसून पूर्व की गतिविधियां शुरू होने का अनुमान है। इससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है।

इसी बीच अरब सागर में आ रहे चक्रवाती तूफान के बारे में उन्होंने बताया कि इसके 13 जून को गुजरात के तट वेरावल में टकराने से वहां तेज बारिश हो सकती है। इसका कुछ असर मध्यप्रदेश पर भी पड़ सकता है और तापमान में गिरावट आ सकती है, लेकिन दो दिन बाद ही गर्मी फिर तेज हो सकती है। समुद्री तूफान 15 जून को निष्क्रिय होने की संभावना है।

बड़वानी जिले के पाटी थाना क्षेत्र के ग्राम वलन में आंधी तूफान में उड़ जाने के चलते डेढ़ वर्षीय एक बच्चे की मृत्यु हो गयी। पाटी टीआई संतोष सांवले ने बताया कि मंगलवार रात्रि क्षेत्र में आंधी तूफान के साथ हो रही बारिश के चलते ग्राम वलन में आदिवासी फोगरा की टीन शेड लगी झोपड़ी क्षतिग्रस्त हो गई तथा उसका टीन शेड करीब 200 मीटर दूर उड़ कर जा गिरा। इस दौरान गृहस्थी के सामान के साथ उनका बेटा पोटली नुमा झूले में झूल रहा था। घटना के चलते टीन शेड से बंधे झूले में सो रहा डेढ़ वर्षीय विकेश भी उड़ गया। जिससे उसकी मौत हो गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here