Home राष्ट्रीय राहुल आज अहमदाबाद कोर्ट में पेश हो सकते हैं,….

राहुल आज अहमदाबाद कोर्ट में पेश हो सकते हैं,….

32
0
SHARE

कांग्रेस नेता राहुल गांधी मानहानि के मामले में आज अहमदाबाद कोर्ट में पेश हो सकते हैं। कोर्ट ने उन्हें 9 जुलाई को पेश होने का समन दिया है। राहुल के खिलाफ एक भाजपा पार्षद कृष्णवदन ब्रह्मभट्ट ने केस दर्ज कराया था। उनका आरोप है कि राहुल ने 23 अप्रैल में एक चुनावी रैली के दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को हत्या का आरोपी कहा था। साथ ही उन्होंने शाह के बेटे जय पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। राहुल पिछले एक महीने में यह तीसरी बार किसी कोर्ट में पेश हो रहे हैं।

लोकसभा चुनाव के दौरान राहुल ने मध्यप्रदेश में एक रैली में कहा था, ‘‘हत्या के आरोपी भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, वाह! क्या शान है। क्या आपने जय शाह का नाम सुना है? वह एक जादूगर हैं। वह तीन महीने में 50 हजार को 80 करोड़ में बदल सकते हैं।’’सोहराबुद्दीन शेख फर्जी एनकाउंटर मामले में सीबीआई ने शाह समेत 38 लोगों को आरोपी बनाया था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इस केस की सुनवाई गुजरात से मुंबई के स्पेशल कोर्ट में स्थानांतरित की गई थी। स्पेशल कोर्ट ने 2014 में 16 लोगों को आरोपों से बरी कर दिया था। इनमें 14 पुलिस अधिकारी और अमित शाह शामिल थे।

चुनाव प्रचार में ‘सभी मोदी चोर क्यों हैं’ कहने के मामले में राहुल 6 जून को पटना की विशेष अदालत में पेश हुए थे। जज ने राहुल को उन पर लगे आरोप पढ़कर सुनाए। राहुल ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया था। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें 10 हजार रुपए के निजी मुचलके पर जमानत दे दी। यह मानहानि केस उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने दायर किया है।

इससे पहले कन्नड़ पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या से जुड़े मानहानि केस में राहुल मुंबई के शिवड़ी कोर्ट में 4 जुलाई को पेश हुए थे। कोर्ट ने 15000 रुपए के मुचलके पर उन्हें जमानत दे दी। यहां के संघ कार्यकर्ता ध्रुतीमान जोशी का आरोप था कि राहुल ने गौरी लंकेश की हत्या के 24 घंटे के अंदर कहा कि जो लोग संघ और भाजपा की विचारधारा के खिलाफ आवाज उठाते हैं। उन पर हमले किए जाते हैं। यहां तक कि उन्हें जान से मार दिया जाता है। 5 सितंबर 2017 को बेंगलुरु में बाइक से आए लोगों ने गौरी की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here