Home हिमाचल प्रदेश मनाली में बनेगी विश्व की दूसरी सबसे ऊंचाई वाली बंजी जंपिंग साइट,...

मनाली में बनेगी विश्व की दूसरी सबसे ऊंचाई वाली बंजी जंपिंग साइट, हवा में लगा सकेंगे छलांग..

29
0
SHARE

विश्वविख्यात पर्यटन नगरी मनाली में एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रेमी बंजी जंपिंग का लुत्फ भी उठा सकेंगे। मनाली में विश्व की दूसरी सबसे ऊंचाई वाली बंजी जंपिंग के निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबंधित खेल संस्थान का प्रस्ताव सिरे चढ़ गया तो हिमाचल की दिलकश वादियों में भी हवा में छलांग लगाने का सपना पूरा हो सकेगा।

मनाली में 186 मीटर की ऊंचाई से शरीर में रस्सी बांध हवा में छलांग लगाने के लिए बंजी जंपिंग का निर्माण करने की योजना है। अभी विश्व की दूसरी सबसे ऊंचाई वाला बंजी जंपिंग नेपाल के पोखरा में है। यहां की ऊंचाई 160 मीटर है। मकाओ में विश्व की सबसे ऊंची बंजी जंपिंग 233 मीटर की है। साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की राह पर तेजी से कदम बढ़ा रहे हिमाचल के मनाली में बंजी जंपिंग शुरू होते ही सैलानियों को बड़ा तोहफा मिल जाएगा।

अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबंधित खेल संस्थान मनाली के निदेशक कर्नल नीरज राणा ने मनाली में बंजी जंपिंग के लिए साइट तलाश ली है। फिजिबिलिटी रिपोर्ट भी पॉजिटिव रही है। युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद ठाकुर से इस बाबत निदेशक की वीरवार को चर्चा भी हुई। साइट निर्माण वन क्षेत्र में होना है।

ऐसे में एफसीए की क्लीयरेंस के लिए प्रदेश सरकार को मजबूती से अपना पक्ष रखना होगा। मनाली से विधायक और खेल मंत्री गोविंद ठाकुर ने बताया कि अभी इस दिशा में विचार चल रहा है। सब कुछ ठीक रहा तो एडवेंचर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में प्रदेश के नाम एक और उपलब्धि जुड़ जाएगी। उन्होंने बताया कि बीते दिनों ही मनाली में स्काई साइकिलिंग और जिप लाइन ट्रैक का सफल ट्रायल किया गया है।यह एक ऐसी गतिविधि है, जिसमें एक ऊंची जगह से एक बड़ी लोचदार रस्सी के साथ जुड़े रहते हुए कूदना होता है। यह ऊंचाई वाला स्थान आम तौर पर एक इमारत, पुल या एक क्रेन जैसी स्थायी वस्तु हो सकती है।

जब व्यक्ति यहां से कूदता है तो रस्सी खिंचाव के कारण विस्तृत हो जाती है और जब रस्सी वापस सिकुड़ती है तब कूदने वाला ऊपर की ओर उड़ जाता है। इसी प्रकार कभी ऊपर और कभी नीचे की ओर तब तक दोलायमान रहता है जब तक कि उसकी सारी ऊर्जा विकीर्ण नहीं हो जाती। विदेशों में यह गतिविधि काफी प्रचलित है।
देश के कई शहरों में बंजी जंपिंग की साहसिक गतिविधि चल रही है। उत्तराखंड के ऋषिकेश, दिल्ली, गोवा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और बंगलूरूमें लोग बंजी जंपिंग का लुत्फ  उठा सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here