Home हिमाचल प्रदेश हिमाचल में चोटियां बर्फ से लकदक रोहतांग में उमड़े सैलानी…

हिमाचल में चोटियां बर्फ से लकदक रोहतांग में उमड़े सैलानी…

27
0
SHARE

हिमाचल में चोटियां बर्फ से लकदक हैं। बर्फ के दीदार के लिए बड़ी संख्या में सैलानी मनाली, डलहौजी सहित अन्य पर्यटन स्थलों में पहुंच रहे हैं। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल 13050 फीट ऊंचे सैलानियों की सैरगाह रोहतांग में ताजा बर्फबारी के बाद दर्रा चांदी की तरह चमकने लगा है।  नवविवाहित जोड़ों के साथ अब स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के ग्रुप मनाली आने लगे हैं। इससे मनाली के माल रोड के साथ मढ़ी, रोहतांग आदि पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की रौनक बढ़ गई है। हालांकि इन दिनों बर्फ का नजारा रोहतांग के दूसरे छोर लाहौल की ओर ही दिख रहा है। इसके बावजूद पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।

पर्यटकों की संख्या बढ़ने से पर्यटन कारोबार भी अच्छा चल रहा है। चाय, कॉफी, मक्की, जूस और मैगी बेचने वाले से लेकर घोड़े वाले खूब चांदी कूट रहे हैं। इसकी खूब बिक्री हो रही है। इसके अलावा टैक्सी यूनियन भी गदगद है। यहां पहुंचने वाले लोगों को गर्म वस्त्रों की जरूरत भी रहती है। सैलानियों की भीड़ से पर्यटन व्यवसायियों के चेहरे खिल उठे हैं। होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष अनूप राम ठाकुर ने कहा कि रोहतांग में हुई बर्फबारी के बाद पर्यटन कारोबार में उछाल आया है। अब दिवाली पर उनकी नजर टिकी है और पर्यटन कारोबारी भी दिवाली की तैयारी में जुटे हैं। हरियाणा से आए सैलानी महेश प्रकाश और सुरेश ने बताया कि रोहतांग पर ताजा बर्फबारी की सूचना मिलते ही उन्होंने मनाली का रुख किया और पहली बार रोहतांग में ताजा बर्फ में अठखेलियां की। मुंबई से आए सुमित और स्मृति खांडेलकर ने बताया कि बर्फ के दीदार के लिए वे रोहतांग तक पहुंचे और उन्होंने खूब आनंद लिया।

उधर, हिमांचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन मनाली के प्रधान गुप्त राम ने कहा कि रोहतांग पर हो रही बर्फबारी से टैक्सी यूनियन का कामकाज बढ़ रहा है। हिमाचल पर्यटन निगम के होटल कुंजुम के मैनेजर तुलसी राम ने बताया कि पहाड़ों की बर्फबारी से सैलानियों में रोहतांग, मनाली आने का उत्साह बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब पूरा सीजन बर्फ पर टिका हुआ है। वहीं, हिमाचल के मैदानी क्षेत्रों बिलासपुर, ऊना, कांगड़ा और हमीरपुर में बुधवार को मौसम साफ रहेगा। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर व लाहौल स्पीति में बारिश के आसार हैं। मंगलवार को राजधानी शिमला सहित पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई।

मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 31.3, बिलासपुर में 30.0, हमीरपुर में 29.2, कांगड़ा में 28.2, भुंतर में 27.9, सुंदरनगर में 27.7, नाहन-चंबा में 27.3, सोलन में 27.0, धर्मशाला में 22.4, शिमला में 21.8, कल्पा में 19.5, केलांग में 15.9 और डलहौजी में 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सोमवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान 0.2, कल्पा में 3.4, मनाली में 3.8, कुफरी में 9.0, चंबा में 9.5 और शिमला में 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here