Home स्पोर्ट्स महाकाल को आज सांध्य आरती के पहले लगेगा गुलाल, रात 8 बजे...

महाकाल को आज सांध्य आरती के पहले लगेगा गुलाल, रात 8 बजे जलेगी होली,…

5
0
SHARE

फाल्गुन पूर्णिमा पर 9 मार्च की शाम महाकाल मंदिर में होली की शुरुआत हो जाएगी। नैवेद्य कक्ष में चंद्रमौलेश्वर को गुलाल लगाएंगे। शाम 6.30 बजे सांध्य आरती के पहले भगवान महाकाल को गुलाल चढ़ेगी। आरती के बाद पुजारी और भक्त प्रांगण में होलिका दहन करेंगे। होली और धुलेंडी पर मंदिरों में भगवान को हर्बल गुलाल ही लगाया जाएगा। टेसू और केशर के रंगों का उपयोग करेंगे।

शहर में सबसे पहले महाकाल मंदिर की होली जलेगी। यहां रात 8 बजे होलिका दहन होगा। इसके बाद शहर में होली जलाने की शुरुआत होगी। शहर में धुलेंडी पर तड़के होली जलेगी। धुलेंडी पर भस्मआरती में भगवान को गुलाल चढ़ाई जाएगी व भक्त भी होली खेलेंगे।

होलिका दहन के बाद मंदिर में भजन गायक हरिकिशन साबू उर्फ भोंपूजी भजन प्रस्तुत करेंगे। समिति सदस्य आशीष शर्मा के अनुसार परिसर में हर्बल गुलाल का ही उपयोग होगा। रंगपंचमी पर टेसू और केशर से बनाया गया रंग ही भगवान को चढ़ेगा। मंदिर में अन्य गुलाल व रंग का उपयोग नहीं होगा। हानिकारक रंग-गुलाल के उपयोग पर प्रतिबंध है।

भगवान महाकाल को शीतकाल में गर्म जल से स्नान कराया जा रहा है। धुलेंडी मंगलवार से बाबा ठंडे जल से स्नान करेंगे। मंदिर में तीन आरती के समय में भी परिवर्तन होगा। सुबह 7.30 बजे वाली आरती 7 बजे, 10.30 बजे वाली आरती 10 बजे तथा शाम 6.30 बजे वाली आरती 7 बजे से होगी। भस्म आरती और शयन आरती निर्धारित समय से होंगी।

पुराने शहर स्थित बड़े गोपाल मंदिर के पुजारी अर्पित जोशी के अनुसार होली पर भगवान को हर्बल गुलाल का टीका लगाया जाएगा। सुबह 10.30 बजे आरती में भगवान को सभी नए धान चढ़ाए जाएंगे। होली पर आने वाली फसलों को भगवान को अर्पित करेंगे। शुक्रवार को मंदिर में हर्बल गुलाल-रंग से ही होली खेली गई।

चिंतामन गणेश मंदिर में लाल गुलाब के फूलों से होली होगी। पुजारी शंकर गुरु के अनुसार मंगलवार को धुलेंडी पर चिंतामन में होली होगी। भगवान को सुबह 7 बजे शृंगार आरती के समय लाल गुलाब के फूलों से होली खिलाई जाएगी। भक्तजन भी फूलों के साथ हर्बल गुलाल से ही होली खेलेंगे। होली के लिए लाल गुलाब के फूल मंगवाए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here