Home मध्य प्रदेश इंदाैर में 24 घंटे में काेराेना से डाॅक्टर समेत 7 की माैत….

इंदाैर में 24 घंटे में काेराेना से डाॅक्टर समेत 7 की माैत….

3
0
SHARE

शहर में शनिवार तड़के तीन और लोगों की कोरोना से मौत की पुष्टि हुई। इससे पहले शुक्रवार को एक डॉक्टर समेत चार लाेगों ने दम तोड़ा था। इस तरह पिछले 24 घंटे में 7 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। शहर में कोरोना से अब तक 30 लोगों की मृत्यु हुई है। एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, शनिवार तड़के जिन तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई उनमें गोमतीनगर निवासी 52 साल का पुरुष, ग्रीन पार्क कॉलोनी निवासी 66 साल का बुजुर्ग और जवाहर मार्ग निवासी 75 साल की वृद्धा शामिल है।

शुक्रवार को ब्रह्मबाग कॉलोनी निवासी 62 साल का डॉक्टर, पिंजरा बाखल क्षेत्र के 65 साल की बुजुर्ग, जूना रिसाला निवासी 70 साल के बुजुर्ग और सत्यदेव नगर निवासी 52 साल के पुरुष की मौत हुई थी। उधर, शुक्रवार शाम को 14 नए कोरोना पॉजिटिव सामने आने के बाद अब तक 249 हो गए हैं।

एमजीएम मेडिकल कॉलेज के अनुसार, शनिवार को जारी रिपोर्ट में गोमती नगर निवासी 52 साल का पुरुष एमवाय अस्पताल में तीन दिन से भर्ती था। उसकी 8 अप्रैल को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसी दिन उसने दम तोड़ दिया। वहीं, ग्रीन पार्क कॉलोनी निवासी 66 साल के बुजुर्ग की रिपोर्ट 6 अप्रैल को पॉजिटिव आने के बाद वे पांच दिन से अरविंदों अस्पताल में भर्ती थे।

10 अप्रैल को उन्होंने दम तोड़ दिया। इसी प्रकार जवाहर मार्ग निवासी 75 साल की वृद्धा का तीन दिन से अरविंदो अस्पताल में इलाज चल रहा था। उसकी 8 अप्रैल को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। 10 अप्रैल को उसकी मौत हो गई। इसके पहले शुक्रवार को जिस डॉक्टर की मृत्यु हुई, वे पूर्व जिला आयुष अधिकारी थे। कुछ दिनों से बीमार होने के कारण अरबिंदो अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था।

इसके अलावा, पिंजरा बाखल क्षेत्र के 65 साल के पुरुष की मृत्यु हुई, उनकी मौत वैसे 7 अप्रैल को ही हो गई थी, लेकिन 9 अप्रैल को आई जांच रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि हुई। उनका 6 अप्रैल से अरबिंदो अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसी तरह जूना रिसाला 70 साल के बुजुर्ग की भी 8 अप्रैल को मृत्यु हो गई थी। उसी दिन उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनका 5 अप्रैल से इलाज चल रहा था। चौथे मृतक सत्यदेव नगर निवासी 52 साल का पुरुष है। इनकी मृत्यु 7 अप्रैल को हुई थी, 9 अप्रैल को आई रिपोर्ट में कोरोना होने का पता चला। गुरुवार को संक्रमण की चपेट में आए डॉ. शत्रुघन पंजवानी की भी मौत हो गई थी।

शुक्रवार रात को 14 नए मरीज सामने आए। हालांकि तीन दिन में मरीजों की संख्या लगातार कम हुई है। जो नए मरीज मिले हैं, वह भी पहले से चिह्नित थे और अस्पताल में भर्ती हैं। संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी के मुताबिक 147 लोगों की रिपोर्ट आई, जिसमें 133 निगेटिव और 14 पॉजिटिव आए। अब कुल मरीज 249 हो गए हैं। तिलकनगर में जो दवा व्यापारी संक्रमित मिले थे उनकी 26 व 30 साल की बेटियां भी पॉजिटिव मिली हैं।

पति का आरोप – एमवायएच में डॉक्टरों ने उसे हाथ नहीं लगाया
एमवायएच में परदेशीपुरा निवासी 27 वर्षीय गर्भवती की इसलिए मौत हो गई क्योंकि उसे इलाज नहीं मिला। पति का आरोप है कि एमवायएच में डॉक्टरों ने उसे हाथ नहीं लगाया। 27 साल की दीया पति सूरज को शुक्रवार सुबह प्रसूति के लिए एमवायएच लाया गया था। पति सूरज का आरोप है कि यहां डॉक्टरों ने हाथ तक नहीं लगाया और कोरोना का हवाला देकर अस्पताल जाने के लिए कहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here