Home हिमाचल प्रदेश अप्रैल के अंत में बर्फबारी रोहतांग दर्रा फिर बंद तस्वीरों में देखें...

अप्रैल के अंत में बर्फबारी रोहतांग दर्रा फिर बंद तस्वीरों में देखें शानदार नजारा…

4
0
SHARE

मौसम विभाग के अलर्ट के बीच हिमाचल की ऊंची चोटियों पर सोमवार को ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में रोहतांग दर्रा पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। रोहतांग समेत मनाली की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, शिमला समेत प्रदेश के अन्य भागों में झमाझम बारिश हो रही है।

वहीं, बर्फबारी से रोहतांग दर्रा एक बार फिर से बंद हो गया है। रोहतांग में रविवार से शुरू हुई बर्फबारी सोमवार को भी जारी रही। बर्फीली हवाएं चलने से बर्फ उड़कर सड़क पर बिछ गई है। इससे सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रविवार दोपहर बाद रोहतांग दर्रे से दो किलोमीटर पहले दो स्थानों पर हिमखंड गिरने से सड़क बंद हो गई थी।

बीआरओ के कमांडर कर्नल उमाशंकर ने बताया कि बर्फबारी के बावजूद शाम नौ बजे तक हिमखंड को हटाकर यातायात शुरू करने की तैयारी थी, लेकिन बर्फीले तूफान के चलते यह संभव नहीं हो सका। तेज बर्फीली हवाओं के चलते सड़क पर फिर से बर्फ बिछ गई है। रोहतांग से बर्फ को हटाया जा रहा है। मंगलवार को रोहतांग लाहौल जाने वालों के लिए खोल दिया जाएगा।

वहीं, रोहतांग दर्रा से 30 वाहनों में जाने वाले 180 लोगों को नहीं भेजा गया है। लगातार दूसरे दिन रोहतांग दर्रा होकर लोगों की आवाजाही टली है। सोमवार को शिमला में झमाझम बारिश हुई। हिमाचल में 30 अप्रैल तक मौसम खराब रहेगा।

इसके बाद कुछ भागों में दो और तीन मई को भी बारिश की संभावना है। 28 अप्रैल को बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिले के लिए ओलावृष्टि और अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह 30 अप्रैल को चंबा, मंडी, शिमला के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

उधर ,सोमवार को केलांग में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे अधिक अधिक तापमान ऊना में 34.7 डिग्री दर्ज किया। शिमला 10.3, सुंदरनगर 14.6, भुंतर 14.2, कल्पा 6.6, धर्मशाला 12.8, ऊना 16.4, नाहन 17.3, केलांग 5.0, पालमपुर 13.0, मनाली 8.8, कांगड़ा 18.4, मंडी 15.4, बिलासपुर 16.0, हमीरपुर 15.8, चंबा 14.7, डलहौजी 9.4 और कुफरी 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सोमवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की कमी दर्ज हुई। ऊना में अधिकतम तापमान 29.8, नाहन में 25.6, कांगड़ा में 25.5, बिलासपुर में 25.0, हमीरपुर में 24.8, चंबा में 24.2, सोलन-भुंतर में 23.0, सुंदरनगर में 21.8, धर्मशाला में 19.8, शिमला में 15.4 और केलांग में 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here