Home मध्य प्रदेश लॉकडाउन के तीसरे चरण की तैयारी के लिए प्रदेश सरकार की बैठक...

लॉकडाउन के तीसरे चरण की तैयारी के लिए प्रदेश सरकार की बैठक आज…

4
0
SHARE

लॉकडाउन फेज-2 के 2 दिन बाकी हैं। इसी के साथ फेज-3 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नई गाइडलाइन जारी कर दी। प्रदेश में इसका स्वरूप कैसा होगा, इसकी रूपरेखा बनाई जा रही है। आज रात तक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इसकी घोषणा कर सकते हैं। फेज-2 के आखिरी सप्ताह से मिली राहत से आम लोगों को सुविधा हुई है। हर जरूरत का सामान आसानी से उपलब्ध है। अन्य प्रदेशों में फंसे मजदूर भी घरों तक पहुंचने लगे हैं। इधर, बीते दो दिन से प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी आई है। शुक्रवार देर रात तक 2761 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 147 की मौत हो चुकी है।

देशभर में लॉकडाउन दो हफ्ते बढ़ने के बाद प्रदेश सरकार ने 4 मई से सख्ती और शर्तों के साथ आधे प्रदेश को खोलने की योजना तैयार कर ली है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और अन्य मंत्रियों के साथ प्रदेश में रेड जोन के 9 जिले, ऑरेंज जोन के 19 और ग्रीन जोन के 24 जिलों को खोलने पर चर्चा की। इन जिलों के प्रशासन का फीडबैक लिया। अधिकारियों ने छूट की संभावनाओं को प्रस्तावित किया। आज होने वाली बैठक में इस योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा। बैठक में तय हुआ है

कि ग्रीन जोन के सभी 24 जिलों को भीतर से पूरी तरह से खोल दिया जाएगा, जबकि ऑरेंज जोन में छूट बढ़ाई जाएगी। वहीं, रेड जोन के भोपाल-इंदौर समेत बाकी जिलों में शादी समारोहों की छूट मिल सकती है। इसमें लड़का-लड़की के साथ 5 से 10 परिजन शामिल हो सकेंगे। कंटेनमेंट क्षेत्रों को छोड़कर बाकी में इलेक्टॉनिक सामानों की होम डिलीवरी की जा सकेगी।

लॉकडाउन में फंसे लोगों की घर वापसी के लिए रेलवे ने 6 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें शुरू की हैं। इनमें नासिक रोड स्टेशन से 6 डिब्बों की ट्रेन 345 मजदूरों को लेकर आज सुबह भोपाल आई। जिन लोगों के पास पैसे नहीं थे, उनके टिकट जिला प्रशासन ने खरीदे। मप्र सरकार दूसरे राज्यों में फंसे प्रदेश के करीब 40 हजार मजदूरों को बसों के जरिए ले आई है। अब 6 राज्यों में फंसे एक लाख छह हजार मजदूरों को वह ट्रेन के जरिए वापस लाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को रेल मंत्री से बात कर 80 से 100 ट्रेनें मांगेंगे और रूट तय करेंगे।

इंदौर 1515, भोपाल 526, उज्जैन 147, जबलपुर 87, खरगोन 73, धार 49, खंडवा 46, रायसेन 57, होशंगाबाद 35, बड़वानी 26, देवास 26, रतलाम में 16, मुरैना 14, विदिशा 13, आगर मालवा 12, मंदसौर 24, शाजापुर 7, सागर और छिंदवाड़ा 5-5, ग्वालियर 5, श्योपुर 4, हरदा-अलीराजपुर-शहडोल में 3-3, रीवा-शिवपुरी और टीकमगढ़ में 2-2, बैतूल, डिंडोरी, बुरहानपुर, अशोकनगर एक-एक संक्रमित मिला। अन्य राज्य के 2 मरीज हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here