Home हिमाचल प्रदेश हिमाचल 1 दिन में कोरोना वायरस के 3 मामले 45 पहुंचा आंकड़ा…

हिमाचल 1 दिन में कोरोना वायरस के 3 मामले 45 पहुंचा आंकड़ा…

5
0
SHARE

हिमाचल में कुछ दिन राहत के बाद कोरोना वायरस ने फिर असर दिखाना शुरू कर दिया। मंडी जिले के बाद अब कांगड़ा और चंबा में तीन और पॉजिटिव मरीज मिले हैं। ये तीनों दिल्ली और सोलन जिला के बद्दी से लौटे हैं। एक मरीज के साथ कोराना मुक्त होने की दहलीज पर पहुंच चुके हिमाचल में अब पांच एक्टिव मामले हो गए हैं।

दो नए मरीज चंबा के सलूणी के लाहर के रहने वाले हैं। ये दोनों 30 अप्रैल को बद्दी से लौटने के बाद होम क्वारंटीन थे। इन्हें आयुर्वेदिक अस्पताल चंबा में दाखिल किया है। तीसरा संक्रमित युवक कांगड़ा जिले की जमानाबाद पंचायत का है। उक्त युवक 21 मार्च को दुबई से दिल्ली लौटा था। उसके बाद लॉकडाउन के चलते दिल्ली में ही रुका था। 16 अप्रैल को दिल्ली में लिए सैंपल में इसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी।

इसके बाद रियायतें मिलने पर 27 अप्रैल को दिल्ली से घर लौटा था। दो दिन पहले युवक को बुखार और खांसी हुई, तो आशा कार्यकर्ता ने दवाई दी। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने उसका सैंपल लेकर जांच को टांडा भेजा, जिसकी रिपोर्ट बुधवार दोपहर बाद पॉजिटिव आई है। युवक को अब बैजनाथ स्थित पंचायती राज भवन के कोविड-19 सेंटर में भेज दिया गया है।

उपायुक्त कांगड़ा राकेश प्रजापति ने बताया कि पॉजिटिव मरीज के संपर्क में परिवार सहित कुल 24 लोग आए हैं। इन सभी को होम क्वारंटीन किया है और सभी के सैंपल लिए गए हैं। संक्रमित युवक के साथ एक ही कार में दिल्ली से तीन लोग और भी आए हैं। इनमें एक धर्मशाला उपमंडल के घियाणा कलां, कांगड़ा के वीरता, बनखंडी का युवक और दिल्ली का टैक्सी चालक शामिल है।

इसके साथ ही हिमाचल में अब तक 45 कोरोना पॉजिटिव मामले आ चुके हैं। कोरोना से दो की मौत हुई है। राज्य में अब तक 16936 लोगों को निगरानी में रखा गया। इनमें से 6912 लोगों ने 28 दिन की जरूरी निगरानी अवधि को पूरा कर लिया है और सभी स्वस्थ्य हैं। राज्य में अब तक 8491 लोगों की कोरोना को लेकर जांच की गई है। 34 लोग स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। चार लोग हिमाचल से बाहर चले गए हैं।

वहीं ऊना जिला के गगरेट स्थित एक मार्केटिंग कंपनी में काम करने वाला मूलत: जम्मू निवासी युवक कोरोना पॉजिटिव निकला है। युवक दो मई को गगरेट से जम्मू गया है, जहां उसका टेस्ट पॉजिटिव निकला। यह सूचना मिलते ही गगरेट में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कंपनी के कार्यालय और बाजार व आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया है। साथ ही यहां रह रहे अन्य कर्मचारियों को उसी भवन में क्वारंटीन कर दिया गया है। जिस भवन में उक्त युवक था, उसके 30 साथी अभी यहीं हैं। बीएमओ गगरेट डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि सभी के वीरवार को सैंपल लिए जाएंगे।

सिरमौर जिले के लिए राहत की खबर आई है। जिला सिरमौर कोरोना मुक्त होने से चंद कदम दूर है। तारुवाला क्वारंटीन सेंटर में रखा एक शख्स 22 फरवरी कोरोना पॉजिटिव पाया था। बुधवार को उसके सैंपल जांचे गए। सैंपल की पहली रिपोर्ट निगेटिव आई है। 24 घंटे के बाद पुन: उसके सैंपल लिए जाएंगे। यदि दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आई तो उसे अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा सकता है। दिल्ली मरकज से लौटा यह शख्स बद्दी में उपचाराधीन है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here