Home राष्ट्रीय मध्य भारत में अगले दो दिन में 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा...

मध्य भारत में अगले दो दिन में 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा पारा….

8
0
SHARE

देश में सर्दी का सितम अभी और बढ़ने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान भारत के मध्य भागों में तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है और इसी अवधि के दौरान पूर्वी भारत में तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहेगा। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।

इसके साथ ही मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के भागों में 10-20 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना भी जताई है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली और उत्तर भारत में शनिवार को भी ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। राजधानी में न्यूनतम तापमान गिरकर इस सीजन में सबसे कम 3.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि शहर के मौसम से संबंधित आंकड़े उपलब्ध कराने वाली सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि राजधानी में हिमालयी क्षेत्र से चली सर्द हवाओं का प्रकोप जारी है और लोधी रोड पर तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को जाफरपुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 2.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था।

वहीं, हिमाचल प्रदेश के केलांग में तापमान शून्य से नीचे 12.1 डिग्री सेल्सियस पर चला गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि केलांग, कल्पा, मनाली, सोलन, चंबा और मंडी में बीते 24 घंटे के दौरान तापमान शून्य से नीचे चला गया है। शिमला मौसम केन्द्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि जनजातीय बहुल लाहौल-स्पीति जिले का प्रशासनिक केन्द्र केलांग शून्य से 12. 1 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। वहीं मनाली में न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।

सिंह ने बताया कि सोलन में शून्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम, मंडी में शून्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम और चंबा में शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया है। शिमला में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here