Home धर्म/ज्योतिष सफल होना है तो कड़ी मेहनत करें, शॉर्टकट ना अपनाएं….

सफल होना है तो कड़ी मेहनत करें, शॉर्टकट ना अपनाएं….

9
0
SHARE

जिंदगी में किसी भी कार्य में सफलता प्राप्त करनी है तो वो सिर्फ कड़ी मेहनत से ही मिल सकती है। कड़ी मेहनत और लग्न से किया गया कार्य आपको जिंदगी में आगे तक पहुंचा सकता है। शार्टकट के जरिए सफलता पाने के चक्कर में व्यक्ति हमेशा धोखा खाता है। यही नहीं इसके नतीजे भी गंभीर होते हैं। इसी सीख से जुड़ी है यह कहानी:

जंगल में एक सुंदर चिड़िया रहती थी। चिड़िया की खासियत थी कि उसके पंख सुनहरे थे।  पेड़ के तने में रहने वाले कीड़े ही उस चिड़िया का पसंदीदा भोजन थे। एक दिन वह खाने की तलाश में भटक रही थी, तभी अचानक उसे एक व्यक्ति दिखाई दिया। उस व्यक्ति के हाथ में लकड़ी का बक्सा था, जिसे पकड़े वह जंगल से जा रहा था। वह व्यक्ति तेज-तेज कदम बढ़ा रहा था। चिड़िया को उसे देखकर कुछ हैरानी हुई, उसने व्यक्ति से पूछा, इतनी जल्दी में कहां जा रहे है, तुम्हें क्या समस्या है?

इस पर व्यक्ति ने जवाब दिया कि उसने पेड़ के तने से कीड़े निकाल कर इस बक्से में भर लिए हैं और वह इन्हें बेचने के लिए बाजार जा रहा है। इन कीड़ों को बेचकर उसे एक सुनहरी चिड़िया का सुनहरा पंख मिलेगा। वह जल्दी में इसलिए है ताकि शाम को बाजार बंद न हो जाए।

ये सुनकर सुनहरी चिड़िया सोच में पड़ गई। उसने मन ही मन सोचा कि इस व्यक्ति को सुनहरा पंख चाहिए और मुझे पेड़ के तने के कीड़े, ऐसे में हम दोनों एक दूसरे के काम आ सकते हैं। चिड़िया ने सोचा कि क्यों न वो इसे खुद का एक पंख देकर ये बक्सा ले ले। ऐसे में उसे भोजन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

इस पर चिड़िया ने उस व्यक्ति से कहा कि वह उसे इस बक्से के बदले में सुनहरा पंख दे देगी। दोनों में आपस में रजामंदी हो गई। चिड़िया ने बिना सोचे समझे उस व्यक्ति को अपना पंख दे दिया और अपना बक्सा ले लिया। इसके बाद उस व्यक्ति ने चिड़िया से कहा कि वह उसे रोज एक बक्सा कीड़े देगा, बदले में वह चिड़िया, उसे अपना एक पंख देगी।

इससे चिड़िया को बिना किसी मेहनत के रोजाना कीड़े मिलने लगे। वह रोज अपना एक पंख तोड़ती और कीड़े लेकर अपनी भूख मिटा लेती। जब उसके पंख धीरे-धीरे खत्म होने लगे तो उसे उड़ने में परेशानी होने लगी। फिर एक दिन ऐसा आया जब उसके सभी पंख खत्म हो गए। वह उड़ने में भी असमर्थ हो गई। पंख न मिलने पर उस आदमी ने उसके लिए कीड़े लाना बंद कर दिया। चिड़िया लाचार हो गई थी। वह खाना तलाशने भी नहीं जा सकती थी। कुछ ही दिनों में चिड़िया भूख-प्यास से तड़पकर मर गई। इसलिए हमेशा अपनी मेहनत और लग्न पर ही भरोसा करें किसी शॉर्टकट पर नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here