Home हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री ने ठाकुर राम सिंह की स्मृति में आयोजित राज्य स्तरीय सेमीनार...

मुख्यमंत्री ने ठाकुर राम सिंह की स्मृति में आयोजित राज्य स्तरीय सेमीनार में की शिरकत…

4
0
SHARE
 इतिहासकार की जयंती को हर वर्ष मनाने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर ने हमीरपुर जिले के नेरी में महान इतिहासकार ठाकुर राम सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय संगोष्ठी एवं सेमीनार में भाग लिया। उन्होंने कहा कि ठाकुर राम सिंह एक महान प्रेरक तथा बुद्धिजीवी थे जिन्होंने देश के ऐतिहासिक तथ्यों के संरक्षण, संग्रहण, पुर्नस्थापना तथा पुनर्लेखन में बहुमूल्य योगदान दिया। सेमीनार का आयोजन भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा ठाकुर जगदेव चन्द अनुसंधान संस्थान में किया गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के साहित्यकार ठाकुर राम सिंह ने भारतीय इतिहास संकलन योजना का नेतृत्व करते समय एक महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया तथा उनके द्वारा किया गया अनुसंधान देश की प्राचीन कलाकृतियों तथा वास्तविक इतिहास पर आधारित था।
उन्होंने कहा कि कुछ ही लोग इतिहास लिख पाते हैं, जबकि अन्य लोग इतिहास बनाते हैं तथा कुछ लोग स्वंय इतिहास बन जाते हैं। ठाकुर राम सिंह इन महान हस्तियों में से एक थे।
उन्होंने कहा कि ठाकुर राम सिंह ने अनेक इतिहासकारों, शोधकर्ताओं तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को देश के वास्तविक इतिहास को दर्शाने के उद्देश्यों को हासिल करने के लिए प्रेरित किया। ठाकुर राम सिंह ने देश के विभिन्न भागों में इस कार्य को पहुॅचाया तथा वह अनेक शोधकर्ताओं, इतिहासकारों तथा बुद्धिजीवियों को इस विचारधारा से जोड़ने में कामयाब रहे। भारतीय इतिहास में अनुसंधान की पहल करने तथा शुद्धि करने में अहम भूमिका निभाने के लिए ठाकुर राम सिंह को सदैव याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें ज्ञात हुआ है कि ठाकुर राम सिंह ने वैवस्तार मानवांतर में मानव सृजन, सामाजिक प्रणाली, सिकंदर का आक्रमण तथा जम्मू क्षेत्र में उसकी मृत्यु विषयों पर चार राष्ट्रीय सेमीनारों का आयोजन हिमाचल प्रदेश में करवाया था, जिससे उनके क्रांतिकिरी अनुसंधान तथा लेखन का प्रमाण मिलता है।
उन्होंने कहा कि ठाकुर राम सिह की प्रेरणा तथा अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना के प्रयासों के फलस्वरूप नेरी में ठाकुर जगदेव चन्द स्मारक अनुसंधान संस्थान स्थापित किया गया है तथा ठाकुर राम सिंह इस संस्थान के संस्थापक व संरक्षक थे। इस संस्थान में अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं आरम्भ की गई है।
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने ठाकुर राम सिंह को पुष्पांजलि अर्पित की तथा स्वर्गीय लाल चन्द प्रार्थी, डा. वाई एस. परमार, पहाड़ी गांधी बाबा कांशी राम तथा अन्य महान हस्तियों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ठाकुर राम सिंह की जयंती को हर वर्ष मनाया जाएगा तथा सुझाव दिया कि उन पर एक पुस्तक भी निकाली जाएगी जिसे पाठशालाओं के पुस्तकालयों में उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंनें संस्थान को सुदृढ़ बनाने का आश्वासन दिया।
भाषा, कला तथा संस्कृति विभाग की सचिव पूर्णिमा चौहान ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किये तथा मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि ठाकुर राम सिंह की जयंती को अब हर वर्ष मनाया जाएगा ।
हमीरपुर के उपायुक्त एवं पूर्व सैनिक निगम के प्रबन्ध निदेशक श्री राकेश प्रजापति ने मुख्यमंत्री को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 25 लाख रूपये का चैक भेंट किया।
बहुद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री श्री अनिल शर्मा, पंचायती राज मंत्री श्री वीरेन्द्र कंवर, विधायकगण, नेरी अनुसंधान संस्थान के अध्यक्ष श्री विजय मोहन पुरी, राष्ट्रीय स्वंय संघ के राज्य सचिव (प्रान्त कार्यवाहक) श्री किस्मत कुमार, लेखकगण, कवि तथा संस्थान से जुड़े अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here