Home Una Special रणधीर ने कांग्रेस पर साधा निशाना..

रणधीर ने कांग्रेस पर साधा निशाना..

11
0
SHARE

ऊना : भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया है कि पूर्व कांग्रेस सरकार के दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय में नियुक्त कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। रविवार को भाजपा के जिलाध्यक्ष बलवीर बग्गा और मीडिया प्रभारी राजकुमार पठानिया सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रवक्ता ने कहा कि उस समय सी.एम. ऑफिस में नोटों से भरे अटैची तक मिले थे। कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री द्वारा सी.एम. ऑफिस पर उठाए गए सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए रणधीर ने कहा कि सरकार भाजपा की है, ऐसे में भाजपा के ही ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ नेताओं को सी.एम. ऑफिस में नियुक्तियां मिलेंगी न कि वहां कांग्रेस नेताओं को बैठाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रतिक्रिया देने से पहले सी.एल.पी. नेता को अपने गिरेबान में झांक लेना चाहिए कि उनकी सरकार के समय सी.एम. ऑफिस की छवि कैसी थी। रणधीर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को तबादलों पर तकलीफ क्यों है। यह सरकार का विशेषाधिकार है। एक तरफ कांग्रेसी अफसरशाही के हावी होने तो कभी दूसरी तरफ उन्हें तंग करने की बातें करते हैं। सरकार बेहतर कार्य करने वालों को सम्मानित करेगी तो कर्तव्य में कोताही बरतने वालों पर कार्रवाई होगी। पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि यदि जरूरत हुई तो जनहित और प्रदेशहित में धारा-118 में संशोधन किए जाएंगे। इसके लिए किसी को भ्रामक प्रचार करने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करने की बजाय कांग्रेस नेताओं को अपनी पार्टी की खत्म हो रही विश्वसनीयता पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने पूछा कि आखिर कांग्रेसी जल्दबाजी में क्यों हैं। अभी सरकार को 2 माह का कार्यकाल हुआ है। खुद कांग्रेस नेताओं ने 100 दिन तक इंतजार करने की बात कही थी। 2 माह में सरकार ने कर्मचारियों को 880 करोड़ रुपए के वित्तीय लाभ दिए हैं। अंशकालीन कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति 60 वर्ष कर दी है। वृद्धावस्था पैंशन की आयु 80 से 70 वर्ष की गई है। गुडिय़ा और होशियार हैल्पलाइन बनाई गई है। हिमाचल के लिए स्वर्णिम युग शुरू हुआ है परंतु कांग्रेसियों को आखिर तकलीफ क्यों हो रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के पास गाड़ी भी है, स्टेयरिंग भी, ब्रेक भी और एक्सीलीटर भी उन्हीं के पास है लेकिन कांग्रेस में यह सारी चीजें अलग-अलग व्यक्तियों के पास हैं। वीरभद्र और सुक्खू की जंग चौराहों तक पहुंच चुकी है। कांग्रेस पार्टी का स्टेयरिंग किसी के पास तो रेस और ब्रेक अलग-अलग लोगों के पास हैं। रणधीर ने पूछा कि मुकेश बताएं कि उनके पास क्या है। ऐसा लगता है कि कांग्रेस की गुटबाजी से लोगों का ध्यान हटाने के चलते जयराम सरकार पर टिप्पणियां की जा रही हैं और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here