Home Una Special अनुराग बताएं मोदी से कौन सा प्रोजेक्ट लाए – सुक्खू…

अनुराग बताएं मोदी से कौन सा प्रोजेक्ट लाए – सुक्खू…

6
0
SHARE

 ऊना: प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू ने हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर पर निशाने साधते हुए कहा कि अनुराग बताएं कि वे मोदी सरकार से कौन सी योजना लेकर आए। उन्होंने कहा कि बीते 25 साल से हमीरपुर लोस क्षेत्र में भाजपा के सांसद हैं। अनुराग 15 साल से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इससे पहले भी दस साल भाजपा के ही सांसद यहां से रहे, लेकिन क्षेत्र का विकास कराने व बड़ा प्रोजेक्ट लाने में विफल रहे। सुक्खू ‘हिसाब दे सांसद, जवाब दे सांसद’ अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत के अवसर पर बोल रहे थे।

रविवार को ऊना जिले के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के डंगोली में सुक्खू ने इस कार्यक्रम का आगाज किया। जनसभा में कांग्रेस नेता विवेक शर्मा की भी सुक्खू ने खूब पीठ थपथपाई। कार्यक्रम में विधायक सतपाल रायजादा, पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी, सुनील शर्मा, सुरेंद्र चौहान, सुरेश कुमार, कुलदीप पठानिया, विवेक शर्मा, युंका अध्यक्ष मुनीष ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र फौजी, देसराज गौतम व विजय डोगरा भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अखिल भारतीय असंगठित कामगार संगठन का सदस्यता अभियान भी लांच किया। सुक्खू ने कहा कि देश बदलाव चाह रहा है। इसलिए 2019 के लिए एकजुट होकर कार्यकर्ता कमर कस लें। सुक्खू ने बिलासपुर में एम्स, नादौन में मेडिकल कॉलेज व ऊना में मंजूर प्रोजेक्टों को यूपीपए की देन बताया। उन्होंने कहा कि अब लोकसभा चुनाव होने हैं तो अनुराग लोगों का हितैषी होने का ढोंग रचकर जगह-जगह कार्यक्रमों में पहुंच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि समय आ गया है कि जनता उनसे बीते चार साल में मोदी सरकार में कराए गए कार्यों का हिसाब मांगे। सासंद जनता को यह बताने में नाकाम रहे हैं कि उन्होंने अपने कार्यकाल में कितने काम कराए, कितने सवाल क्षेत्र से संबंधित संसद में उठाए, विकास निधि के अलावा कितनी राशि मंजूर कराई, कौन सा बड़ा प्रोजेक्ट लाए, जिससे युवाओं को रोजगार मिला। सुक्खू ने मोदी सहित चारों भाजपा सांसदों से चार साल का हिसाब मांगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत वह पूरे प्रदेश में जनसभाएं करेंगे। उनका मकसद संगठन को मजबूत करने के साथ ही 2019 में चारों लोकसभा सीटें कांग्रेस पार्टी की झोली में डालना है।

सुक्खू ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी व चारों भाजपा सांसद बताएं कि चार साल पहले हिमाचल की जनता से किए वादों का क्या हुआ? हर साल दो करोड़ रोजगार क्यों नहीं दिए गए, सेब पर आयात शुल्क तीन गुना बढ़ाने का वादा मोदी व सांसदों को क्यों याद नहीं है। सरकार की पोल खुल चुकी है, चूंकि काला धन आया नहीं और नीरव मोदी-ललित मोदी व विजय माल्या सफेद धन लेकर विदेश भाग गए। राफेल डील व लोकपाल पर खामोशी क्यों?

राफेल डील पर वह कुछ क्यों नहीं बोलते। इतनी महंगी हुई डील में भ्रष्टाचार की बू उन्हें नहीं आई। इस पर वह खामोश क्यों हैं। जिस लोकपाल की नियुक्ति के मुद्दे को भाजपा ने सत्ता में आने के लिए खूब भुनाया, चार साल के कार्यकाल में उस लोकपाल की नियुक्ति क्यों नहीं की। सुक्खू ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में पीएम दोहरा रवैया अपनाए हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here