Home हिमाचल प्रदेश सकारात्मक सोच विकसित करने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिकाः राज्यपाल…

सकारात्मक सोच विकसित करने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिकाः राज्यपाल…

3
0
SHARE
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने आज यहां शिमला के समीप पुलिस मैदान भराड़ी में मुख्यमंत्री एकादश तथा प्रेस एकादश के बीच टी-20 क्रिकेट मैच का शुभारंभ किया। मैच का आयोजन शिमला खेल, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संघ द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री एकादश टीम के कप्तान मुख्यमंत्री श्री जय राम ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि इस तरह की खेल गतिविधियां न केवल आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने में सहायक होती है, बल्कि लोगों के बीच परस्पर मेल-जोल बढ़ाने में भी सहायक होती हैं। उन्होंने इस तरह की प्रतिस्पर्धाओं के आयोजन के लिए एसोसियेशन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि खेल की भावना व आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने में भी सहायक होते हैं।
आचार्य देवव्रत ने कहा कि अच्छी दिनचर्या, स्वस्थ आहार व शारीरिक व्यायाम न केवल स्वस्थ जीवन जीने में सहायता करते है, बल्कि व्यक्तित्व में सकारात्मक सोच लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्वस्थ व तनावमुक्त जीवन के लिए योग व खेल गतिविधियों को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच से स्वस्थ दिमाग विकसित होता है जबकि नकारात्मकता अनेक बीमारियों को आमंत्रित करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि संघ प्रदेशभर में इस तरह के आयोजन करेगा, जो प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।
उन्होंने अपनी टीम राज्यपाल एकादश के सदस्यों का मनोबल भी बढ़ाया, जिन्होंने कठिन परिश्रम के बावजूद मैच गवां दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक बेहतर खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने कुरूक्षेत्र में गुरूकुल का दौरा किया, जहां उन्होंने शूटिंग की तथा 10 में से 10 अंक हासिल किए। शायद इसी कारण मुख्यमंत्री के अच्छे प्रदर्शन के चलते कई वर्षों बाद राज्यपाल एकादश मैच हार गई।
शिमला खेल सामाजिक एवं सांस्कृतिक एसोसिएशन के अध्यक्ष वी.डी. शर्मा ने राज्यपाल को हिमाचली टोपी व शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
इससे पूर्व, एसोसियेशन के महासचिव डॉ. लोकेन्द्र शर्मा ने राज्यपाल का स्वागत किया। उन्होंने राज्यपाल से दोनों टीमों के खिलाड़ियों का परिचय भी करवाया। राज्यपाल ने टॉस किया और मुख्यमंत्री एकादश ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया।
राज्यपाल ने मुख्यमंत्री द्वारा की गई गेंदबाजी का भी सामना किया।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री हंसराज, विधायकगण, मुख्य सचिव श्री विनीत चौधरी, पुलिस महानिदेशक एस.आर. मरडी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here