Home हिमाचल प्रदेश प्रदेश में साहसिक खेलों को दिया जाएगा बढ़ावाःCM…

प्रदेश में साहसिक खेलों को दिया जाएगा बढ़ावाःCM…

5
0
SHARE
मुख्यमंत्री श्री जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के अनछुए गंतव्यों में पर्यटन गतिविधियों के साथ-साथ साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार विशेष प्रयास करेगी। वह आज यहां 7वीं हीरो एमटीबी हिमालय-शिमला एडिशन-2018 के पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
इस स्पर्धा को आयोजन हिमालयन एडवेंचर स्पोर्टस एवं पर्यटन प्रमोशन एसोसिएशन (एचएएसटीपीए) ने 13 से 15 अप्रैल, 2018 तक किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एचएएसटीपीए की यह पहल शिमला शहर को हरा-भरा बनाने व लोगां को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने को प्रेरित करने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रयास करेगी। इस तरह की गतिविधियां न केवल स्वस्थ जीवनशैली के लिए आवश्यक हैं बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक सिद्ध होती है। उन्होंने कहा कि हिमालय विश्व की सबसे सुंदर पर्वतश्रंखला है लकिन इन्हें पार करना उतना ही कठिन भी है तथा साइकिल के माध्यम से उन्हें चुनौती देना अपने आप में सराहनीय है।
श्री जय राम ठाकुर ने कहा कि माउंटेन बाइकिंग विश्व का राजस्व सृजित करने वाला सबसे बड़ा साहसिक खेल होने के साथ-साथ पर्यावरण मित्र भी है। हिमाचल प्रदेश में माउंटेन बाइकिंग की अपार संभावनाएं हैं और यहां बाइकिंग ट्रेक विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि माउंटेन बाइक राज्य में आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का विशेष केंद्र है। प्रदेश सरकार एसोसिएशन को राज्य में साहसिक खेल को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध करवाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बजट में 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए।
प्रतियोगिता में पुरूषों की डबल इवेंट श्रेणी में अक्षित व आकाश ने पहला, हिरण्य व दीवान ने दूसरा और अभिषेक व डेनियल ने तीसरा स्थान हासिल किया। ओपन मास्टर सोलो प्रतियोगिता में पॉल पहले, सुनील दूसरे व थॉमस बुश तीसरे स्थान पर रहे। पुरुषों की ओपन सोलो प्रतियोगिता का पहला पुरस्कार डेविड कुमार, दूसरा राकेश राणा व तीसरा पुरस्कार इसाक राय ने प्राप्त किया।
ओपन महिला सोलो प्रतियोगिता में साराह पहले, हैडी दूसरे व पूनम राणा तीसरे स्थान पर रहीं। विद्यार्थियों की श्रेणी में शेरपा को पहला स्थान, प्रांशुल शर्मा को दूसरा व जय कुमार को तीसरा स्थान हासिल हुआ।
ओवरऑल चैम्पियन में पहले स्थान पर डेविड कुमार, दूसरे स्थान पर शेरपा और तीसरे स्थान पर राकेश राणा को पुरस्कार प्रदान किया गया।
हिमालयन एडवेंचर स्पोर्टस एवं पर्यटन प्रमोशन एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री मोहित सूद ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा एसोसिएशन की विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। साइकिल दौड़ के दौरान प्रतिभागियों ने शिमला शहर व आसपास के क्षेत्रों में 105 किलोमीटर की दूरी तय की। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन सामुदायिक सेवाओं में भी अपना योगदान देती रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से हिमाचल प्रदेश में साइकलिंग अकादमी सृजित करने का भी आग्रह किया।
एसोसिएशन के सचिव श्री आशीष ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
नगर निगम शिमला के उप-महापौर श्री राकेश शर्मा, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री महेन्द्र धर्माणी, निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क श्री अनुपम कश्यप व नगर निगम शिमला के पार्षद इस अवसर पर उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here