Home मध्य प्रदेश आधे घंटे जमकर हुई ओलावृष्टि, डिंडौरी में सफेदी से ढंक गईं सड़कें…

आधे घंटे जमकर हुई ओलावृष्टि, डिंडौरी में सफेदी से ढंक गईं सड़कें…

7
0
SHARE

मौसम ने अचानक तेवर बदले। इससे शुक्रवार को डिंडौरी और उसके आसपास के इलाके में जमकर ओलावृष्टि हुई। आधे घंटे तक हुई ओलावृष्टि से सड़कें सफेदी से ढंक गईं। इधर, भोपाल में भी मौसम बदला है। सुबह-शाम ठंडी हवाओं की वजह से ठंड बनी हुई है। वहीं, मौसम विभाग ने शनिवार को हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है।

ठंडी हवाओं ने मौसम का रुख बदला हुआ है। शुक्रवार को शाम 4 बजे डिंडौरी और उसके आसपास के इलाकों में तेज बारिश के साथ ओले गिरे। ओले इतनी बड़ी मात्रा में गिरे कि लगा पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही हो। आधे घंटे तक हुई इस ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है। कई जगह गेहूं के खेतों में ओले बिछ गए।

मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ बारिश या गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग के जिलों और विदिशा, रायसेन, होशंगाबाद, सागर, दमोह व हरदा जिलों में कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है। दो दिन से बादल छा रहे हैं। शनिवार को फिर हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। इसके बाद आसमान धीरे-धीरे साफ हो जाएगा। होली तक मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। होली पर दिन और रात का तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री कम रह सकता है। ऐसे में होली पर लोगों को सुबह और शाम के वक्त ठंड का अहसास होगा।

पूर्व वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एसके नायक ने बताया कि कोई सिस्टम नहीं होने के कारण अब आसमान साफ होने लगेगा। ऐसे में धूप चमकेगी और वातावरण में नमी कम होने के कारण दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है। बावजूद इसके रात का तापमान सामान्य से कम ही रहेगा। अभी दिन और रात के तापमान में खासा अंतर बना रहेगा। यह ट्रेंड मार्च के महीने में हर बार देखने को मिलता है, जो कि इस बार भी जारी रहेगा। महीने के अंत में 27 और 28 मार्च के आस-पास एक बार फिर से बूंदाबांदी हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here