Home Bhopal Special सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद अब रात 11 बजे के बाद...

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद अब रात 11 बजे के बाद ही घोषित हो सकेगा भोपाल लोकसभा का चुनाव परिणाम..

10
0
SHARE

भोपाल. सुप्रीम कोर्ट ने विपक्षी दलों की एक याचिका पर चुनाव आयोग को आदेश दिए हैं कि वह हर विधानसभा क्षेत्र से एक वीवी पैट और ई‌वीएम के मिलान की जगह 5-5 का मिलान करे। इस नए आदेश के बाद यह तय हो गया कि भोपाल संसदीय सीट का औपचारिक परिणाम 23 मई को आधी रात के बाद ही आ सकेगा।

2014 में भोपाल लोकसभा सीट का परिणाम शाम 7 बजे घोषित हो पाया था। एक वीवी पैट और ईवीएम के मिलान में करीब 50 मिनट लगते हैं। विधानसभा क्षेत्रों में ईवीएम और वीवी पैट का अलग-अलग मिलान करने पर 250 मिनट यानी 4 घंटा 10 मिनट का अतिरिक्त समय चाहिए। यानी रात 11 बजे के बाद ही परिणाम घोषित होगा।

भोपाल लोकसभा सीट में भोपाल जिले की 7 विधानसभा सीटों के साथ सीहोर जिले की एक विधानसभा सीट शामिल है। पूरे लोकसभा क्षेत्र में कुल 2510 मतदान केंद्र है। इसमें सबसे ज्यादा 385 मतदान केंद्र गोविंदपुरा और उसके बाद 369 नरेला विधानसभा में हैं। हुजूर में नरेला से केवल 3 कम 366 मतदान केंद्र हैं। सुबह 8 बजे मतगणना शुरू होने पर पहला राउंड पूरा होने में 35 से 40 मिनट लगता है। मतगणना के दौरान एक राउंड में 14 ईवीएम खोलने का आदेश है। इसके बाद अगले राउंड में फिर 14 ईवीएम खोली जाती हैं।

पहले राउंड के बाद हर राउंड में औसतन 20 से 25 मिनट लगते हैं। इस हिसाब से गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में 28 राउंड होंगे। यानी गोविंदपुरा के परिणाम घोषित होने में करीब 12 घंटे लगेंगे। यानी रात 8 बजे तक ही यहां परिणाम तैयार हो पाएगा। इसके बाद ईवीएम और वीवी पैट का मिलान शुरू होगा। एक वीवी पैट और ईवीएम के मिलान में 40 से 50 मिनट लगते हैं। यानी 5 के मिलान के लिए 250 मिनट अतिरिक्त चाहिए। सबसे अंत में रात 8 बजे के बाद गोविंदपुरा के ईवीएम और वीवी पैट का मिलान शुरू होने पर 4 घंटे 10 मिनट यानी रात 12 बजे के बाद ही परिणाम घोषित हो सकेगा। समय की यह गणना भी इस मान्यता के साथ की गई है कि मतगणना में कोई व्यवधान नहीं आएगा। यदि मतगणना को लेकर आपत्तियां होती हैं तो समय और बढ़ सकता है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here