Home मध्य प्रदेश पूरे प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, शाम को फिर आंधी चलने...

पूरे प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, शाम को फिर आंधी चलने की चेतावनी जारी…

8
0
SHARE

बीते एक महीने से तपिश की मार झेल रहे प्रदेशवासियों के लिए मंगलवार की सुबह काफी राहत भरी रही। सूरज की लुकाछिपी के बीच हुई हल्की बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिन ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना जताई है। वहीं, शाम को प्रदेश के कई संभागों में गरज-चमक के साथ आंधी चलने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग ने सोमवार दोपहर बाद से बदले मौसम का मिजाज बुधवार तक ऐसा ही रहने का अनुमान व्यक्त किया है। मंगलवार को दिनभर सूरज की बादलों से लुकाछिपी का दौर चलेगा। इस बीच कहीं-कहीं हल्की बौछारें भी पड़ सकती है। सोमवार को दोपहर 12 बजे जहां तापमान 40 डिग्री पर था। वहीं, दोपहर बाद बदले मौसम से ये 32 डिग्री पर पहुंच गया था। वहीं न्यूनतम तापमान भी 23.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बीते 24 घंटों में प्रदेश में इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, भोपाल, ग्वालियर और चंबल संभाग में बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश के बाकी संभागों में मौसम शुष्क रहा है। इंदौर, उज्जैन और होशंगाबाद संभाग में ओले भी गिरे हैं। अगले 24 घंटों में इन संभागों में गरज-चमक बारिश के साथ आंधी चल सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में भोपाल के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी आएगी। अप्रैल के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में तापमान 40 के पार रिकॉर्ड किया जा रहा है। मौसम के बदले रुख के चलते इसमें लगभग सात डिग्री की कमी आएगी और ये 33 डिग्री के करीब रहेगा। वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के करीब रहेगा। राजधानी में आंशिक बादल छाए रहेंगे और शाम को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के अलावा जम्मू-कश्मीर में सक्रिय विक्षोभ के कारण राजस्थान के पश्चिमी इलाके में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हुआ है। वहीं, राजस्थान से उत्तर प्रदेश के पश्चिम तक भी एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इसके असर की वजह से मौसम बदला है। जम्मू-कश्मीर के अलावा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में मंगलवार और बुधवार को बारिश के अलावा ओले गिर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here