Home हिमाचल प्रदेश हिमाचल की चोटियां फिर बर्फ से लकदक 265 सड़कें बंद..

हिमाचल की चोटियां फिर बर्फ से लकदक 265 सड़कें बंद..

7
0
SHARE

रोहतांग समेत लाहौल, कुल्लू और किन्नौर की चोटियों पर शुक्रवार को भी बर्फबारी का दौर जारी रहा। राजधानी शिमला में हल्के बादल छाए रहने से साथ धूप भी खिली। रोहतांग में 60, जलोड़ी दर्रा में 45 और सोलंगनाला में 20 सेंटीमीटर ताजा हिमपात दर्ज हुआ। राज्य में 265 सड़कें बंद हैं। कई भागों में बिजली-पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। मौसम में आए बदलाव से केलांग, कल्पा, कुफरी और डलहौजी का न्यूनतम पारा माइनस में दर्ज हुआ।  शुक्रवार सुबह जाखू की पहाड़ी बर्फ से सफेद नजर आई।

शिमला का न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शनिवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने के आसार जताए हैं। 22 जनवरी तक प्रदेश में मौसम खराब रहने की संभावना है। गुरुवार रात को प्रदेश के कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। कुल्लू जिले की पहाड़ियों के साथ ग्रामीण क्षेत्र हिमपात से लकदक हो गए हैं। शुक्रवार दोपहर बाद रोहतांग सहित लाहौल व कुल्लू की ऊंची चोटियों पर बर्फ गिरने का क्रम फिर शुरू हुआ। पागलानाला में भी मलबा आने से यातायात कुछ समय के लिए बाधित हुआ। खराब मौसम के चलते शुक्रवार को जिले से हवाई उड़ानें भी नहीं हो सकीं। जिला चंबा और किन्नौर की ऊपरी चोटियों में भी देर रात बर्फबारी हुई बनीखेत-चौहडा-भलेई छांणा मोड़ के पास भूस्खलन होने से यातायात के लिए बाधित पड़ गया। बीती रात कुफरी में बर्फबारी से शिमला का रामपुर से संपर्क कटा रहा। नारकंडा एनएच-5 से वाहनों की आवाजाही बंद है। शिमला के लिए वाहनों के वाया बंसतपुर भेजा जा रहा है। किन्नौर के लिए टापरी तक ही बसें भेजी गईं।

बर्फबारी से किन्नौर जिले की भावा वैली में बिजली सप्लाई लोगों के लिए सिरदर्द बनीं हुई है। बेहतर बिजली सेवा मुहैया करवाने के सरकारी दावे भावा वैली में हवा हो रहे हैं। भावा वैली के 14 गांवों में बिजली सप्लाई व्यवस्था सुधरने की बजाए दिन प्रतिदिन खराब हो रही है। बोर्ड कर्मियों के बिजली सप्लाई बहाल करने में पसीने छूट रहे हैं। भावावैली के लोग बिजली बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, जिला शिमला के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी के बाद यातायात व्यवस्था फिर से ठप हो गई है। राजधानी का अपर शिमला के कई क्षेत्रों से संपर्क कट गया है। दर्जनों बसें बर्फबारी में फंस गई हैं। जिले में 365 से ज्यादा रूट शुक्रवार को ठप रहे जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुफरी, नारकंडा, खड़ापत्थर सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। इस कारण शुक्रवार को शिमला-ठियोग मार्ग पर कुफरी के पास दिनभर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। कई जगह पर गाड़ियां स्किड हो गईं।

लोग और पुलिस के जवान धक्के मार कर गाड़ियां निकालते नजर आए। नारकंडा, रामपुर और रिकांगपिओ के लिए बस सेवा भी दिन भर ठप रहीं। इन क्षेत्रों के लिए बाया बसंतपुर बसें रवाना की जा रही हैं। शिमला रोहड़ू रूट पर शुक्रवार को एचआरटीसी के दो टेंपो ट्रैवलर और एक बस ही रवाना हो पाई। रोहड़ू से शिमला के लिए कोई भी बस नहीं पहुंच पाईं। ठियोग, कोटखाई और चौपाल रूट पर बसें न चलने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी है। हालांकि, शिमला शहर में बर्फबारी न होने से यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रही। कुफरी में बर्फबारी की सूचना के बाद हजारों सैलानी यहां के लिए रवाना हो रहे हैं।

वहीं, गुरुवार देर रात को बर्फबारी के बीच कुफरी में सैकड़ों गाड़ियां फंस गईं। जिला पुलिस के अनुसार बर्फबारी में करीब तीन सौ छोटी गाडियां और 11 बसें फंस गए थे। इनमें से दो बसें स्किड हुई हैं। हालांकि किसी को चोटें लगने की सूचना नहीं है। पुलिस की टीम देर रात तक राहत कार्य में जुटी रही। रात एक बजे रात तक सभी गाड़ियों और करीब 300 यात्रियों को बर्फबारी से निकाला हैजिला पुलिस का कहना है कि बुधवार को बर्फबारी पर एडवायजरी जारी की थी। लेकिन इसके बावजूद कई लोग गाड़ियां लेकर कुफरी पहुंच गए। यही बाद में बर्फ में फंसे रहे। पुलिस प्रशासन का कहना है कि बर्फबारी की संभावना को देखते हुए लोग दिन के समय ही इस क्षेत्र की यात्रा करें। यात्रा से पहले 1077 हेल्पलाइन नंबर पर मौसम और सड़क की जानकारी ले लें। पुलिस के दिशा निर्देशों का पालन करें ताकि गाड़ियां बर्फ में न फंसे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here