Home हिमाचल प्रदेश शिमला सहित रोहतांग कुफरी नारकंडा में ताजा बर्फबारी…

शिमला सहित रोहतांग कुफरी नारकंडा में ताजा बर्फबारी…

6
0
SHARE

येलो अलर्ट के बीच प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और अन्य क्षेत्रों में बारिश हुई। शिमला, जाखू, चायल समेत प्रदेश की ऊंची चोटियां फिर सफेद हो गई। गुरुवार देर रात बारिश के बाद हुई बर्फबारी से प्रदेश के अधिकतम तापमान में कमी दर्ज हुई है। शुक्रवार को शिमला-रामपुर और आनी-कुल्लू एनएच समेत करीब 100 छोटी-बड़ी सड़कें यातायात के लिए बाधित रही।

रोहतांग मार्ग की बहाली में जुटे बीआरओ की मुहिम को भी ताजा बर्फबारी से झटका लगा है। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शनिवार और रविवार को भी प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी होने की संभावना जताई है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने के आसार हैं।

शिमला की सबसे ऊंची चोटी जाखू शुक्रवार सुबह बर्फ से ढकी नजर आई। कुफरी में वीरवार रात को करीब डेढ़ बजे हिमपात हुआ। इसके चलते राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप पड़ गई। कुफरी व आसपास के इलाकों में करीब चार से पांच इंच ताजा बर्फबारी हुई। शुक्रवार सुबह सड़क बंद होने से ऊपरी शिमला के लिए दूध और ब्रेड की सप्लाई देरी से पहुंची

शुक्रवार को ग्रामीण रूटों की अधिकतर बसें बर्फ  के कारण सुबह शिमला को नहीं आईं। एनएच प्राधिकरण की ओर से सुबह आठ बजे से ही सड़क से बर्फ  हटाने का काम शुरू किया गया और दस बजे तक ढली से ठियोग तक एनएच-5 को यातायात के लिए पूरी तरह बहाल कर दिया गया। इसके बाद दोपहर एक बजे तक एनएच को नारकंडा के ओडी तक विभाग खोल दिया गयाखड़ापत्थर भी बर्फबारी के चलते बंद है। रोहतांग दर्रा सहित कुल्लू व लाहौल की ऊंची चोटियों पर भी वीरवार रात को ताजा हिमपात हुआ। बर्फबारी के कारण जलोड़ी दर्रा बंद होने से बाह्य सराज में चार बसें फंस गई। नेशनल हाइवे 305 फिर से यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया है।

बंजार की तरफ से वाहनों को घियागी तक ही भेजा जा रहा है। शिवरात्रि के लिए बाह्य सराज जाने वाले लोगों को परेशानियों से गुजरना पड़ा। बर्फ की कैद में इलाज के इंतजार में म्याड़ से रेफर छह मरीजों को एयरलिफ्ट करने के लिए हेलीकाप्टर नहीं आ सका किन्नौर के ऊंचाई वाले इलाकों में भी वीरवार रात को बर्फबारी हुई। उधर, तेज तूफान के चलते घुमारवीं की ग्राम पंचायत औहर में मनोज कुमार पुत्र सुखराम की दुकान पर आम का पुराना पेड़ गिर गया। जिससे दुकान का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। ग्राम पंचायत बकरोआ के तहत राजकीय प्राथमिक पाठशाला पेहड़वी में स्कूल की टीन उड़ गई है। जिला सिरमौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वीरवार रात बारिश के बाद शुक्रवार सुबह नौहराधार, हरिपुरधार व चूड़धार चोटी पर ताजा हिमपात हुआ। चूड़धार में दो फीट ताजा हिमपात हुआ। जबकि, नौहराधार व हरिपुरधार में 5 से 6 इंच बर्फबारी दर्ज की गई। चूड़धार चोटी पर अब तक 10 से 12 फीट बर्फ जम चुकी हैं

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here