Home राष्ट्रीय तमिलनाडु में लॉकडाउन 30 सितंबर तक बढ़ाया गया….

तमिलनाडु में लॉकडाउन 30 सितंबर तक बढ़ाया गया….

10
0
SHARE

तमिलनाडु सरकार ने कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर राज्य में रियायतों के साथ लॉकडाउन 30 सितम्बर तक बढ़ाए जाने की रविवार को घोषणा की। रियायतों के तहत ई-पास व्यवस्था बंद करने और मंदिरों को खोलने तथा सार्वजनिक यातायात एवं चेन्नई मेट्रो ट्रेन सेवाओं का एक सितम्बर से संचालन की भी घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री ई के पलानीस्वामी ने यहां एक बयान में कहा कि सभी जिला कलेक्टरों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों और विशेष मेडिकल पैनल के साथ शनिवार को बैठक में मिले सुझावों के मुताबिक यह निर्णय लिया गया है।

राज्य में कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर 85.45 प्रतिशत है जो देश में सर्वाधिक है, जबकि कोविड-19 से होने वाली मृत्यु दर 1.7 प्रतिशत रह गई है जो कि “अत्यंत कम” है। एक दिन पहले 29 अगस्त को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जिला कलेक्टरों के साथ बैठक में पलानीस्वामी ने कहा था कि उनकी सरकार ने महामारी को फैलने से रोकने, मरीजों के उपचार और राहत कार्यों पर अब तक 7,162 करोड़ रुपए खर्च किए हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रत्येक रविवार को पूर्णबंदी रद्द किए जाने की भी घोषणा की और कहा कि निषिद्ध क्षेत्रों में पाबंदियां जारी रहेंगी। मंगलवार से दी जाने वाली राहतें इस प्रकार है..
1. राज्य के भीतर ई-पास की व्यवस्था बंद कर दी जाएगी, लेकिन ट्रेन, हवाई जहाज अथवा अन्य साधनों से दूसरे राज्यों अथवा विदेशों से आने वाले यात्रियों के लिए यह अनिवार्य रहेगा।
2. मंदिरों में मानक संचालन प्रक्रिया और तय संख्या में श्रद्धालु जा सकेंगे।
3. जिलों में सार्वजनिक एवं निजी यातायात तथा चेन्नई में महानगरीय परिवहन निगम की बस सेवाएं शुरू होंगी।
4. सात सितम्बर से चेन्नई मेट्रो की ट्रेनें चलेंगी।
5. शापिंग मॉल्स, शोरूम और बड़े स्टोर्स को अनुमति।

6. सभी दुकानें, चाय दुकान और होटल रात आठ बजे तक खुलेंगे।
7. वर्क फ्रॉम होम के विकल्प के साथ सभी आईटी फर्मों और उद्योगों में काम शुरू किया जा सकेगा।
8. होटल, रिसोर्ट, मनोरंजन एवं अन्य क्लब और जिम खुलेंगे।
9. कौशल और औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र 21 सितम्बर से खुलेंगे।
10. सभी सरकारी कार्यालयों में कोविड-19 रोकथाम नोडल अधिकारी की नियुक्ति तथा 100 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ कामकाज होगा।
11. बैंको और इसके जुड़े संस्थानों को 100 प्रतिशत कार्यबल के साथ काम करने की अनुमति।
12. नीलगिरि, कोदईकनाल और येरकौद जैसे लोकप्रिय स्थलों पर जिला कलेक्टरों से ई-पास लेकर पर्यटकों को अनुमति।
13. एक समय में अधिकतम 75 प्रतिशत लोगों के साथ फिल्म की शूटिंग की अनुमति।
14. प्रत्येक रविवार को पूर्णबंदी रद्द।
15. चुनिंदा रूट पर अंतरराज्यीय ट्रेनों सेवाएं बहाल होंगी, लेकिन नियमित ट्रेन सेवाओं पर 15 सितम्बर के बाद स्थिति की निर्भरता पर अनुमति दी जाएगी।
16. घरेलू विमान का आगमन की संख्या 25 से बढ़कर 50 होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूल, कॉलेज, शोध संस्थान, और अन्य शैक्षणिक संस्थान अगले आदेश तक बंद ही रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here