Home Bhopal Special प्रदेश में सर्द हवाओं से लौटी ठंड, तीन दिन बाद बढ़ेगा रात...

प्रदेश में सर्द हवाओं से लौटी ठंड, तीन दिन बाद बढ़ेगा रात का तापमान…

7
0
SHARE

हवाओं का रुख उत्तरी होने से एक बार फिर राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश इलाकों में सिहरन बढ़ गई है। इसी क्रम में मंगलवार को सबसे कम तापमान आठ डिग्री नौगांव और उमरिया में दर्ज किया गया। भोपाल में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा। राजधानी में अधिकतम तापमान 28.6, इंदौर में 29.0, जबलपुर में 28.1 और ग्वालियर में 27.5 डिग्री रिकार्ड किया गया।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि पिछले दिनों हरियाणा और उससे लगे पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बन गया था। इसके अतिरिक्त एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की तरफ बढ़ रहा था। इस वजह से हवा का रुख पूर्वी होने लगा था। इस वजह से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी थी। हाल ही में पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़कर काफी ऊंचाई से उत्तर-पश्चिम दिशा की तरफ आगे बढ़ गया। काफी कम तीव्रता वाले पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ते ही हरियाणा पर बना सिस्टम भी समाप्त हो गया है।

इससे हवाओं का रुख एक बार फिर उत्तरी, उत्तर-पश्चिमी होने लगा है। उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं के कारण तापमान में गिरावट होने लगी है। इससे ठंड का असर बढ़ने लगा है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के चार दिसंबर को उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी होगी साथ ही हवा का रुख बदलेगा। इससे वातावरण में नमी बढ़ने से बादल छा सकते हैं। इससे राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के बाद एक बार फिर ठंड वापस लौटेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here