Home राष्ट्रीय कोई नफरत या धमकी इसे बदल नहीं सकती:ग्रेटा थनबर्ग…..

कोई नफरत या धमकी इसे बदल नहीं सकती:ग्रेटा थनबर्ग…..

5
0
SHARE

स्वीडन की क्लाइमेट एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग पर दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। ग्रेटा पर नए कृषि कानूनों के खिलाफ विवादित ट्वीट्स करने का आरोप है। पुलिस ने किसी अंतरराष्ट्रीय साजिश की तफ्तीश के लिए मामला दर्ज किया है। केस दर्ज होने के बावजूद ग्रेटा ने लगातार दूसरे दिन गुरुवार (भारतीय समय के मुताबिक) को भी किसानों के समर्थन में बयान दिया।

उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘मैं अब भी किसानों के साथ खड़ी हूं। कोई डर, धमकी या मानवाधिकारों का उल्लंघन इसे नहीं बदल सकता।’ इससे पहले उन्होंने कहा था कि हम भारत के किसान आंदोलन के प्रति एकजुटता दिखाते हैं।

थनबर्ग के अलावा इंटरनेशनल पॉप स्टार रिहाना ने आंदोलन को सपोर्ट किया था। जवाब में एक्ट्रेस कंगना रनोट ने उन्हें भला बुरा कहा और किसानों को आतंकवादी बताया था। इसके बाद ट्विटर ने गुरुवार को कंगना रनोट के कुछ ट्वीट डिलीट कर दिए। बताया जाता है कि इन ट्वीट्स से कंपनी की हेट स्पीच पॉलिसी से जुड़े नियमों का उल्लंघन हो रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्विटर कंगना का अकाउंट बंद कर सकता है।

ट्विटर ने कंगना का रोहित शर्मा पर किया ट्वीट भी डिलीट कर दिया है। इसमें उन्होंने रोहित शर्मा और बाकी क्रिकेटर्स को धोबी का कुत्ता बताया था। रोहित शर्मा ने अपनी पोस्ट में लिखा था कि देश की भलाई में किसानों का अहम योगदान है। सभी मिलकर समस्या का हल निकाल लेंगे।

इस पर कंगना ने लिखा था कि ये सभी क्रिकेटर्स ‘धोबी का कुत्ता, घर का न घाट का’ जैसा साउंड क्यों कर रहे हैं।?

शिरोमणि अकाली दल के पूर्व नेता मंजीत सिंह जीके ने ट्विटर को कानूनी नोटिस भेजकर कंगना के ट्विटर अकाउंट को तुरंत बंद करने की मांग की है। उन्होंने नोटिस में लिखा है कि कंगना की पोस्ट फैक्चुअली गलत हैं। ये न केवल किसानों, बल्कि उनसे जुड़े पूरे सिख समुदाय को नुकसान पहुंचाती हैं। नोटिस में पॉप सिंगर रिहाना की पोस्ट पर किए गए कंगना के विवादित कमेंट का हवाला दिया गया है। उनका कहना है कि कंगना अपनी पॉपुलैरिटी का इस्तेमाल किसानों और सिख समुदाय का अपमान करने के लिए कर रही हैं।

नोटिस में ट्विटर को चेतावनी दी गई है कि अगर कंगना के विवादित ट्वीट नहीं हटाए जाते और उनका अकाउंट सस्पेंड नहीं किया जाता है तो उसे भी मानहानि का जिम्मेदार माना जाएगा और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here