ऊना : विधानसभा चुनाव के चलते हिमाचल पथ परिवहन निगम की कई बसों को चुनावी ड्यूटी में लगाया गया है। सात नवंबर को भी एचआरटीसी की बसों के माध्यम से ईवीएम मशीनों को मतदान केंद्रों पर पहुंचाया गया। अब नौ नवंबर को फिर से बसें मतदान केंद्रों पर सेवाएं प्रदान करने के लिए तैयार हैं। वीरवार को लोगों को लगभग 128 रूट पर एचआरटीसी बसों की सेवाएं नहीं मिलेंगी। लगभग 68 बसें मतदान के दौरान सेवाएं प्रदान करेंगी। बसों के माध्यम से चुनाव संपन्न होने के बाद ईवीएम मशीनों को मुख्य केंद्र पर पहुंचाया जाएगा। मशीनों को बसों के माध्यम से ऊना स्थित मुख्य केंद्र पर पहुंचाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी होंगे। इससे पहले सात नवंबर को इन 68 बसों द्वारा ईवीएम मशीनों को जिला भर के मतदान केंद्रों पर पहुंचाया गया था। सात और नौ नवंबर को मतदान ड्यूटी के चलते जिला के विभिन्न गांवों सहित चंडीगढ़ की ओर जाने वाली बसों के रूट प्रभावित रहेंगे। लंबी दूरी यानी दिल्ली की ओर जाने वाली लगभग दस बसें अपने निर्धारित रूटों पर चलेंगी।