ऊना : जिला में तापमान लुढ़कने से ठंड बढ़ने लगी है। दिनभर आसमान में बादलों की लुकाछिपी से लोग गर्म कपड़ों में नजर आने लगे हैं। जिला के अधिकतम व न्यूनतम पारे में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम के बदले मिजाज ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। धुंध पड़ने से दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को खासी दिक्कतें सहन करनी पड़ रही हैं। बारिश न होने से किसान गेहूं की फसल को लेकर चिंतित हो उठे हैं मौसम विभाग के अनुसार अभी आगामी दिनों में बारिश के कोई आसार नजर नहीं आ रहे है।
सूखी ठंड से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना सहित स्वास्थ्य केंद्रों पर सर्दी, जुकाम, बुखार के मरीजों की तादाद बढ़ी है। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना की बात करें तो शुक्रवार को पांच सौ के करीब ओपीडी हुई। अधिकतर लोग बुखार, जुकाम से पीड़ित थे। ऐसे हालात में चिकित्सकों को सर्दी में गर्म कपड़े पहनने तथा ठंड में बाहर न निकलने की सलाह दी है।
जिला में तापमान निरंतर गिरावट की ओर है। धुंध का दौर शुष्क मौसम के साथ आगामी दिनों में जारी रहेगा। बारिश के कोई आसार अभी नहीं है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आ रही है। शुष्क मौसम व धुंध लोगों की मुश्किलों को और बढ़ाएगी।-विनोद कुमार, मौसम समन्वयक ऊना।
जिन किसानों ने गेंहू की बिजाई कर दी है और पानी देने के लिए बारिश का इंतजार कर रहे हैं वे तत्काल खेतों में ¨सचाई कर दें। अगर पानी देने के बाद भी कहीं बारिश हो जाती है तो किसान उस दशा में घबराएं नहीं। -सुरेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी, ऊना।