उत्तर प्रदेश राज्य हज कमेटी के दफ्तर की इमारत को भगवा रंग में रंगने का मामला कोई नया नहीं है। इससे पहले सचिवालय एनेक्सी, मंत्रियों के सरकारी आवास और सरकारी बसों के रंग भी भगवा किए जा चुके हैं।
सरकारी इमारतों, सरकारी बसों के रंग को भगवा किए जाने पर पहले भी विपक्षी पार्टियों द्वारा एतराज उठाया जा चुका है मगर प्रदेश सरकार के जिम्मेदार इसे जानबूझ कर करवाया गया काम नहीं मानते। सचिवालय एनेक्सी और मंत्रियों के सरकारी आवास को भगवा किए जाने को महज संयोग माना गया।
राज्य सम्पत्ति अधिकारी योगेश शुक्ला का कहना है कि राज्य हज समिति के दफ्तर की इमारत को भगवा रंग में रंगने का जो मामला है वह उनके विभाग ने नहीं करवाया है बल्कि सम्बंधित विभाग ने खुद अपने स्तर पर अपने भवन की साफ सफाई और अनुरक्षण के काम के दौरान अपने पसंद के रंग से रंगवाया है।
जहां तक मंत्रियों के सरकारी आवास का सवाल है तो राज्य सम्पत्ति विभाग तो यह सरकारी आवास सफेद रंग से ही रंगवाता है मगर मंत्रिगणों इच्छा जाहिर की तो उनकी पसंद के अनुरूप उनके सरकारी आवास को रंगवा दिया गया।