मुख्यमंत्री श्री जय राम ठाकुर ने कहा कि प्राचीन भारतीय संस्कृति में समृद्ध सांस्कृतिक मूल्यों को सुरक्षित तथा संजोए रखना महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री आज यहां ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में हिमाचल प्रदेश कला, संस्कृति एवं भाषा एकादमी, ठाकुर जगदेव चन्द अनुसंधान संस्थान, नेरी हमीरपुर तथा संस्कार भारती हिमाचल प्रदेश द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किए गए कार्यक्रम ‘भारतीय नव वर्ष-2075’ के उपरान्त मीडिया कर्मियों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी संस्कृति बहुत समृद्ध और विविध है, जो हमेशा मिलजुल कर रहने का सन्देश देती है। हमें अपने सांस्कृतिक मूल्यों पर गर्व होना चाहिए और सभी को इसके प्रोत्साहन के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल वहीं सभ्यताएं उन्नति करती हैं, जिनमें अपनी संस्कृति व परम्पराओं के लिए आदर एवं स्नेह होता है। हिमाचल प्रदेश को देवभूमि के नाम से जाना जाता है क्योंकि यहां के लोग शान्तिप्रिय हैं और अपनी परम्पराओं का बहुत सम्मान करते हैं।
श्री जय राम ठाकुर ने भारतीय नववर्ष के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी खुशहाल जीवन की कामना की।
उन्होंने रिज पर सजाई गई रंगोली पर दीप प्रज्ज्वलित भी किया।