शिमला। वीकेंड पर हिल्सक्वीन में सैलानियों का खूब जमावड़ा लगा। होटलों में आक्यूपेंसी सौ फीसदी रही। शिमला के अलावा साथ लगते पर्यटन स्थलों कुफरी, नारकंडा, मशोबरा और नालदेहरा में भी सैलानियों की रौनक रही। वर्ल्ड कप के भारत पाकिस्तान मैच के चलते दोपहर दो बजे तक अधिकतर सैलानी होटल लौट आए।शहर में भारी संख्या में सैलानियों की आमद के बाद रविवार सुबह शहर और आसपास के पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की खूब रौनक रही। रिज मैदान और मालरोड के अलावा मशोबरा, नालदेहरा, हसन वैली, छराबडा, कुफरी और नारकंडा में सुबह के समय ही सैलानियों का जमावड़ा लग गया।
दोपहर होते होते अधिकतर सैलानी साइट सीन कर वापिस होटलों की ओर लौट गए। तीन बजे के बाद सैलानियों ने होटल के अपने कमरों में भारत पाक मैच का आनंद लिया। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन शिमला के अध्यक्ष संजय सूद ने बताया कि वीकएंड पर होटलों में आक्यूपेंसी सौ फीसदी चल रही है। संडे को टूरिस्ट सुबह सुबह ही साइट सीन के लिए निकल गए और लंच तक होटल लौट आए।
एचआरटीसी टैक्सी में ओवरलोडिंग रविवार को जाखू मंदिर जाने वाली एचआरटीसी टैक्सी में भारी ओवरलोडिंग रही। बड़ी संख्या में शहर के लोग और सैलानी रविवार को जाखू मंदिर रवाना हुए। दस यात्रियों की क्षमता वाली एचआरटीसी टैक्सी में 16 से 18 लोगों ने जान जोखिम में डाल सफर किया। टैक्सियों में भारी ओवरलोडिंग के कारण जाखू मंदिर जाने वाले स्थानीय लोगों और सैलानियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।