ऊना। जिले में मंगलवार को पारा 41.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ऊना में मंगलवार को दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा। लू चलने के कारण दिन में शहर में कर्फ्यू जैसे हालात हो गए हैं।
शहर के अन्य क्षेत्रों में भी यही हाल रहा। दोपहर के समय बाजारों सहित मुख्य मार्गों पर आवाजाही बेहद कम रही। दुकानदारों को दोपहर के समय अधिक ग्राहक नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे में गर्मी के कारण व्यापार पर भी बुरा असर हो रहा है। दोपहिया सवारों को लू चलने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली विद्यार्थियों को और दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। शहर के युवा राहुल शर्मा, विक्रांत, रमन शर्मा, बॉबी, शौर्य, विनीत, प्रशांत ने कहा कि दोपहर के समय वे दोपहिए पर गए तो लू चल रही थी।
ऐसा लग रहा था जैसे चेहरा झुलस रहा हो। युवाओं ने कहा कि घर लौटने पर देखा तो चेहरा लाल हो गया था। बंगाणा से अमित, राम रतन, प्रीतम, ऊना से जगतार, गुरबख्श और प्रेम ने कहा कि बिजली के अघोषित कट लोगों को परेशान कर रहे हैं। मौसम विशेषज्ञ विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि मंगलवार को जिला का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्यिसय मापा गया और न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि अभी बारिश होने के कोई भी आसार नहीं है।
लू से बचाव जरूरी मुख्य चिकित्सा अधिकारी रमन कुमार शर्मा ने कहा कि इन दिनों लू से बचाव करना जरूरी है। घर से निकलते वक्त शरीर को सूती कपड़े से ढक कर निकलें। इसके अलावा धूप से लौटने के बाद सीधे पंखे, कूलर एवं एसी के नीचे न जाएं। न ही एकदम से ठंडा पानी पीएं। इससे बुखार हो सकता है। उन्होंने कहा कि उल्टी या दस्त की शिकायत को हल्के में न लें। तुरंत अस्पताल में जाकर जांच करवाएं। फास्ट फूड, कटे एवं ज्यादा पके फल एवं सब्जियों का सेवन न करें। उन्होंने नींबू एवं नमक युक्त पानी पीने की सलाह भी दी।
सन ग्लासिस का इस्तेमाल करें नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष साहनी का कहना कि तेज किरणों से बचने के लिए घर से निकलते समय आंखों पर सन ग्लासिस का प्रयोग करें। आंखों में खारिश होने पर मलने के वजह ठंडे पाने के छींटे मार लें। अस्पताल में जाकर आंखों की जांच भी करवाएं।